प्रतिबंधित प्लास्टिक; छोटे व्यवसायियों पर कार्रवाई; बड़े कारोबारियों पर निगम मेहरबान

 

शहर के बीच बाजार में बड़ी दुकानों में खुलेआम बिक रहे प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। राज्य शासन द्वारा प्र्रतिबंधित मानक वाले प्लास्टिक कैरीबैग शहर के बीच बाजार में खुले आम बिक रहे हैं। उस पर नगर निगम प्रशासन के अधिकारी छापामार कार्रवाई नहीं करते हुए केवल उन्हीं छोटे व्यवसायियों से प्लास्टिक कैरीबैग जब्त करने की कार्रवाई करते हैं जो अत्यावश्यक होने पर ही ग्राहक को देते हैं। मिली जानकारी के अनुसार ये छोटे व्यवसायी जैसे फल-सब्जी विक्रेता, होटल-खोमचा चलाने वाले उन्हीं बड़े दुकानदारों के यहां से कामचलाऊ मात्रा में खरीदे होते है। पत्रिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम की छोटी – छोटी कार्रवाई भी प्लास्टिक कचरा से निजात पाने की दिशा में आवश्यक है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उत्पादन करने वाली इसी शहर की फैक्ट्री और उसकी बड़ी दुकान पर निगम के अधिकारी क्यों मेहरबान बने हुए हैं। उन फैक्ट्रियों में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग का प्रोडक्शन बंद हो और प्लास्टिक की बड़ी दुकानों में रेड की कार्यवाही कर प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग जब्ती की ईमानदारी से कार्यवाही की जाये तो छोटे-छोटे व्यवसायियों को भी बाजार में प्लास्टिक कैरीबैग मिलना मुश्किल या बंद हो जायेगा। ऐसा नहीं करने के पीछे शायद निगम अधिकारियों का ही कोई स्वार्थ छिपा हो।ऐसी स्थिति में प्लास्टिक कैरीबैग के कचरे से नाली-सड़क पटते रहेंगे और गायों के भी प्लास्टिक खाकर बीमार पड़ने व मरने का क्रम जारी रहेगा।
’’प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग को लेकर छोटे बड़े सभी पर कार्यवाही की जा रही है। इसमें पर्यावरण विभाग को भी कार्यवाही करनी चाहिये।’’
यू.के. राटेके (कार्यपालन अभियंता, नगर निगम)

error: Content is protected !!