PM Modi Mann Ki Baat: आज (29 मार्च 2026) पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में देशवासियों के सामने मुखातिब हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार वैश्विक युद्ध और ऊर्जा संकट पर चिंता जताई। अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में जंग चल रही है। पेट्रोल-डीजल का संकट पैदा हुआ है लेकिन भारत इस चुनौती से निपट रहा है। देशवासियों को अफवाहों से बचते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की जानकारी पर भरोसा करें। जागरूक रहें और किसी भी बहकावे में ना आएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में लगे हैं। इससे वे देश का नुकसान कर रहे हैं। लिहाजा किसी भी हाल में बहकावे में ना आएं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में लाखों भारतीयों के परिवार और रिश्तेदार रहते हैं, खासकर खाड़ी देशों में काम करने वाले लोग। उन्होंने खाड़ी देशों का आभार जताते हुए कहा कि वे वहां रह रहे एक करोड़ से अधिक भारतीयों की मदद कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है, वही भारत की ऊर्जा जरूरतों का एक बड़ा केंद्र है। इस कारण दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि भारत अपने वैश्विक संबंधों और पिछले एक दशक में बनी ताकत के कारण इन परिस्थितियों का मजबूती से सामना कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा- साथियो, जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है। इसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है। हमारे वैश्विक संबंध, अलग-अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ्य बना है, इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है।
मैं सभी देशवासियों से अपील भी करूंगा कि वो जागरुक रहें, अफवाहों के बहकावे में ना आएं | सरकार की तरफ से जो आपको निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें और उसी पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं। मुझे हर बार की तरह इस बार भी विश्वास है कि जैसे हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर के इस कठिन हालत से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे।
राजनीति और अफवाहों पर चेतावनी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वाले देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक रहें और किसी भी अफवाह के बहकावे में न आएं। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे देश ने पहले भी 140 करोड़ देशवासियों की ताकत से बड़े संकटों का सामना किया है, वैसे ही इस बार भी देश एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसके करोड़ों नागरिकों में निहित है।

