भारत जोड़ो यात्रा आज 130वां दिन

रामबन से राहुल ने शुरू की यात्रा

श्रीनगर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा जम्मू कश्मीर में लगातार जारी है। राहुल गांधी आज रामबन से पदयात्रा पर निकले है। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को जम्मू और कश्मीर की राजधानी श्रीनगर पहुंचकर संपन्न होगी। भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर कांग्रेस पार्टी देशव्यापी आयोजन की तैयारी में है। कांग्रेस सांसद और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा के समापन अवसर पर राहुल गांधी 30 जनवरी को सुबह 10 बजे श्रीनगर स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर तिरंगा फहराएंगे। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि पार्टी अध्यक्ष की ओर से व्यक्त भावनाओं का अनुसरण करते हुए कांग्रेस की सभी प्रदेश समिति, जिला समिति, ब्लॉक कमेटी भी 30 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। वहीं भूस्खलन और बारिश ने रोड को किया ब्लॉक, इस वजह से भारत जोड़ो यात्रा रोकी गई।

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को करोड़ों लोगों का समर्थन मिला है जिसकी कल्पना नहीं थी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने राहुल गांधी के प्रेम और एकता के संदेश को देश में जन-जन तक पहुंचाया है। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग और जनता की सहभागिता ने इसे एक ऐतिहासिक यात्रा का रूप दे दिया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने भारतीय राजनीति की तस्वीर को बदलकर रख दिया है।

राहुल गांधी के बाद प्रियंका संभालेंगी मोर्चा, हर राज्य में महिला मार्च

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुआई में भारत जोड़ो यात्रा के खत्म होने से पहले पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा संभालने की तैयारी कर रही है। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत प्रियंका गांधी सभी राज्यों की राजधानियों में महिला मार्च का नेतृत्व करेंगी। यह अभियान गणतंत्र दिवस से शुरू होगा। आपको बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में ध्वजारोहण के साथ खत्म हो रही है। कांग्रेस ने फॉलोअप के तौर पर पूरे देश में हाथ से हाथ जोड़ो त्रिस्तरीय अभियान का खाका बनाया है। पूरे दो माह के इस अभियान में पार्टी ने राहुल गांधी का संदेश और केंद्र सरकार की विफलताओं को हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, पूर्वोत्तर के तीन राज्य त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में चुनाव हैं। राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे सहित तमाम बड़े नेता चुनाव प्रचार करेंगे। इसके फौरन बाद कर्नाटक में चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी पूरा फोकस चुनाव प्रचार पर रहेगा। इसके बाद नया कार्यक्रम बनाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। इस अभियान के तहत पार्टी सभी बूथ तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ जिले स्तर पर सम्मेलन और राजधानियों में रैलियां भी की जाएंगी। कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि अभी तय नहीं है कि राहुल गांधी रैलियों में हिस्सा लेंगे या नहीं पर इतना स्पष्ट है कि प्रियंका गांधी लगभग हर प्रदेश में महिला मार्च करेंगी और रैलियों में भी हिस्सा लेंगी।

error: Content is protected !!