महादेव एप केस में बड़ा अपडेट, 120 आरोपितों की संपत्ति होगी कुर्क…

भिलाई। ऑनलाइन सट्टा एप महादेव केस में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। इस केस में अबतक 120 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। ऑनलाइन सट्टा एप महादेव बुक के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल सहित सभी गिरफ्तार किए गए आरोपितों की संपत्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, कई लोगों के घरों पर ईडी ने जांच की और दुर्ग जिले से एक सिपाही भीम सिंह को सट्टा के मामले में गिरफ्तार भी किया था।

नगर निगम, राजस्व विभाग और उप पंजीयक कार्यालय से सभी आरोपितों के नाम की संपत्ति का ब्योरा निकाला जा रहा है। वहीं, जिन आरोपितों को फरार सूची में डाला गया है, उनकी संपत्ति को कुर्क किया जाएगा। इसके अलावा बाकी के बचे आरोपितों की संपत्ति की जानकारी लेकर उसे सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके।

पुलिस ने 120 से अधिक आरोपितों को किया गिरफ्तार

बता दें कि जब दुर्ग पुलिस ने महादेव बुक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी, तब दुर्ग जिले के साथ ही छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों और कई दीगर प्रदेशों से भी महादेव बुक के पैनल को ध्वस्त किया था। लगातार की गई कार्रवाई में पुलिस ने 120 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया था। शुरुआत में राज्य शासन का नया सट्टा एक्ट नहीं बना था, इसलिए पुराने सट्टा एक्ट में कार्रवाई की जाती थी और उसका लाभ भी आरोपितों को मिला।

कई लोगों के घरों पर ईडी ने की जांच

सट्टा एक्ट में कार्रवाई किए जाने से आरोपितों को थाने से ही मुचलका जमानत पर छोड़ दिया जाता था। कुछ बड़े सटोरियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आइटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई भी की गई थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद जब ईडी जैसी एजेंसियों ने अपनी जांच शुरू की तो पुलिस के चुंगल से बचे हुए कई सटोरियों के नाम सामने आए। कई लोगों के घरों पर ईडी ने जांच की और दुर्ग जिले से एक सिपाही भीम सिंह को सट्टा के मामले में गिरफ्तार भी किया था।

error: Content is protected !!