बिहान योजना से महिलाओं के जीवन में आई क्रांति : विधायक भुवनेश्वर बघेल

राजनांदगांव। अध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण एवं विधायक डोंगरगढ़ भुवनेश्वर बघेल ने विकासखंड राजनांदगांव के ग्राम पदुमतरा में 10 लाख 50 हजार रूपए की लागत से निर्मित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केन्द्र (सीएमटीसी) का शुभारंभ किया। समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केन्द्र (सीएमटीसी) में महिला स्वसहायता समूह के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित किए जाएंगे। विधायक भुवनेश्वर बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्षेत्र की महिलाएं बिहान योजना से जुड़कर आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद का उपयोग हमें करना है और बाजार में भी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिहान योजना से महिलाओं के जीवन में क्रांति आई है। प्रत्येक गांव की महिला अपनी अलग पहचान बना रही हैं। बिहान योजना से महिलाओं को विभिन्न प्रकार के रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। बिहान की महिलाएं कैडर, कृषि, पशु सखी जैसे विभिन्न कार्य कर रही हैं, जो हमारे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर विधायक श्री बघेल ने प्रशिक्षण केन्द्र में रूकने के लिए सर्वसुविधायुक्त कमरों का निर्माण करने 20 लाख रूपए की घोषणा की।
जिला पंचायत सदस्य अशोक देवांगन ने कहा कि बिहान का कार्य प्रदेश की हर महिला और सभी वर्ग के नागरिक जानते हैं। इसे कायम रखते हुए कार्य करना है। ऐसे कार्यों को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक परिवार को आजीविका के साधन मिल सके। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण भवन में आवश्यकतानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 5 लाख रूपए की घोषणा की।

error: Content is protected !!