भाजपा का संकल्प पत्र में सभी वर्गों के विकास की बातें समाहित – लीलाधर साहू

पूरा भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर कर रहे हैं विश्वास

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व राजनांदगांव विधानसभा के सह प्रभारी लीलाधर साहू ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र एनडीए सरकार की उपलब्धियों और विजन 2047 का विकसित भारत के निर्माण का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने वाला है। जो भारतीय लोकतंत्र के विश्वास का प्रतीक है। पूरा भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास कर रहा है। अनेक पार्टियों के नेता श्री मोदी से प्रभावित होकर भाजपा प्रवेश कर रहे हैं। देश निश्चित तौर पर विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव हेतु जारी संकल्प पत्र को लेकर उन्होंने कहा कि मोदी के गारंटी में भाजपा ने गरीब, युवा, अन्नदाता (किसान) और नारी शक्ति पर फोकस किया है। भाजपा की थीम है ‘बीजेपी का संकल्प, मोदी की गारंटी’ जिसमें देश के सभी वर्गों के विकास की बातें समाहित है। प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को लाभ पहुचाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा सरकार ने गरीबों को 4 करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं, अब 3 करोड़ और गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास दिया जाएगा। इसके साथ ही 3 करोड़ महिलाओं के लिए लखपति दीदी की योजना क्रियान्वित किया जाएगा। संकल्प पत्र में विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। पिछले 10 वर्षों में नारी गरिमा को ध्यान में रखकर महिलाओं के लिए अनेक योजनाए संचालित की गई हैं। आने वाले पांच वर्ष नारीशक्ति की नई भागीदारी के होंगे।

भाजपा मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार श्री साहू ने आगे कहा कि संकल्प पत्र में मोदी की गारंटी है कि मुफ्त राशन की योजना आने वाले 5 साल तक जारी रहेगी, हम ये सुनिश्चित करेंगे कि गरीब के भोजन की थाली पोषणयुक्त हो ताकि एक स्वस्थ्य भारत और गरीब मुक्त भारत का संकल्प पूरा हो सके। केंद्र की मोदी सरकार ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए 10 सालों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला हैं। जो कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। 70 साल से ज्यादा उम्र के हर बुजुर्ग, चाहे वह गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा अब मुद्रा लोन योजना के तहत मिलने वाले लोन को 10 लाख से 20 लाख रुपये किया जाएगा। इसके अलावा निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों की स्थापना के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। आज भारत में गांवों में सड़कों की अधोसंरचना में क्रांतिकारी कार्य हुए हैं। 60,000 नए गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ा गया है और बारहमासी सड़कें बनाई गई हैं। हमने कभी कल्पना नहीं की थी कि गांव सशक्त होंगे या ऑप्टिकल फाइबर गांव तक पहुंचेगा। रक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, संचार, विरासत को सहेजने के लिए अद्वितीय योजना लागू की जाएगी, जिससे देश में रोजगार के साथ भारत की विकास दर तेजी से अग्रसर होगी। इस तरह भाजपा संकल्प पत्र सभी वर्गों को लाभ पहुचाने में सहायक सिद्ध होगा।

error: Content is protected !!