CG Crime : एक ही पेड़ से फंदे पर लटका मिला प्रेमी जोड़े का शव, इलाके में फैली सनसनी….

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जंगल में एक ही पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका की फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह मामला छाल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह ग्रामीण एडूकला गांव के जंगल में महुआ बीनने के लिए गए थे, तभी उन्होंने पेड़ से दो शव लटके हुए देखे। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मामले की सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर दोनों शवों को नीचे उतारा। मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25 वर्ष) और परमेश्वरी अगरिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसएसपी शासिमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को प्रेमी-प्रेमिका द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे क्या कारण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!