CGPSC में सख्त गाइड लाइन और ड्रेस कोड लागू, गहरे रंग के कपड़े और ऊंची हील पहनकर आए तो नहीं मिलेगी एंट्री

रायपुर। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 22 फरवरी को होगी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने प्रदेश के सभी 33 जिलों के परीक्षा केंद्र बनाए हैं। पहले की तरह इस बार भी सख्त गाइड लाइन जारी की गई है। स्मार्टवाच से लेकर अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी या गहरे चाकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे।

दो पालियों में होगी परीक्षा

आयोग के अनुसार परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में जनरल स्टडीज की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक व दूसरी पाली में एप्टीट्यूड टेस्ट दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगा। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से 10 दिन पूर्व जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

ये है दिशा-निर्देश

आयोग ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिन अभ्यर्थियों के नाम, सरनेम या फोटो में पहचान पत्र से भिन्नता होगी, उन्हें नाम परिवर्तन संबंधी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

परीक्षा केंद्र में केवल लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र/पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड/आधार कार्ड या ई-आधार) तथा काले या नीले बाल पेन की अनुमति होगी।

यदि प्रवेश पत्र पर फोटो अस्पष्ट हो तो दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

किसी भी प्रकार की घड़ी (मैकेनिकल या स्मार्टवाच) पहनने की अनुमति नहीं होगी।

जूते, मोटे सोल या ऊंची हील वाले फुटवियर वर्जित हैं। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनकर आने से ही प्रवेश मिलेगा।

मोबाइल, कैलकुलेटर, लाग टेबल, पेजर, स्मार्टवाच या अन्य किसी भी संचार साधन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

परीक्षा केंद्र में जैमर लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि रोकी जा सके।

ड्रेस कोड भी अनिवार्य

कार्गो या डिजाइनर कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी। सामान्य जींस या पैंट पहन सकते हैं।

महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती (आधी बांह), साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं।

कान में किसी भी प्रकार के आभूषण वर्जित हैं। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र की अनुमति होगी।

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रविधान

दिव्यांग अभ्यर्थियों को यदि सहलेखक की अनुमति संबंधित जिला कार्यालय से प्राप्त है तो सहलेखक को भी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। चिकित्सकीय कारणों से जूते या उपकरण पहनने की आवश्यकता होने पर गहन जांच के बाद अनुमति दी जाएगी।

समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी

सभी अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली में परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। चिकित्सा आपात स्थिति में विशेष निगरानी में ही बाहर ले जाया जाएगा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सामग्री के अतिरिक्त अन्य कोई वस्तु साथ लाने पर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अभ्यर्थी की स्वयं की होगी। परीक्षा प्रक्रिया के दौरान आवश्यकतानुसार तलाशी भी ली जा सकती है। सीजीपीएससी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!