UP में CG की न्याय योजना: कांग्रेस के घोषणा पत्र में गोधन न्याय का वादा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता ही नहीं लगे हैं यहां की योजनाएं भी प्रचार अभियान का हिस्सा हैं। अब कांग्रेस ने चुनाव घोषणा पत्र में छत्तीसगढ़ जैसी गोधन न्याय योजना शुरू करने का वादा किया है। कांग्रेस के चुनावी दस्तावेज “यूपी का उन्नति विधान’ में इसका खास तौर पर जिक्र किया गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “मुझे बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव हेतु आज जारी कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र यूपी का उन्नति विधान में छत्तीसगढ़ मॉडल का जिक्र हुआ है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी गोधन न्याय योजना लागू करने का संकल्प लिया है।’

घोषणापत्र में कहा गया है, आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए छत्तीसगढ़ मॉडल की तर्ज पर गोधन न्याय योजना लागू की जाएगी। इसके तहत गाय के गोबर को 2 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा। स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जाएगा कि वे वर्मी कम्पोस्ट और दूसरे कामों में गोबर का इस्तेमाल करें। जो भी आवारा पशु गांव की गोशाला में रखे जाएंगे उनके लिए एक निश्चित अवधि तक 500 प्रति मवेशी की दर से भुगतान किया जाएगा। आवारा और जंगली पशुओं की वजह से फसल को नुकसान होने पर प्रति हेक्टेयर तीन हजार रुपए का हर्जाना दिया जाएगा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को यह दस्तावेज जारी किया।

छत्तीसगढ़ की तरह कर्जमाफी का भी वादा

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में भी छत्तीसगढ़ की तरह कर्जमाफी का वादा किया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, सरकार बनने पर 10 दिन में किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में शपथ लेने के तीन घंटे के भीतर कर्ज माफ किया गया था। कांग्रेस ने 2500 प्रति क्विंटल की दर से धान-गेहूं, 400 रुपए प्रति क्विंटल में गन्ना खरीदने का वादा किया है। इसके अलावा बिजली बिल हाफ का भी जिक्र है। कोरोना काल मे जो आर्थिक रूप से प्रभावित परिवारों को 25 हजार रुपए तक की मदद का वादा भी उन्नति विधान में शामिल है।

पिछले महीने छत्तीसगढ़ मॉडल पर विस्तृत चर्चा हुई थी

पिछले महीने चुनाव प्रचार के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिले थे। इस दौरान उत्तर प्रदेश चुनाव में छत्तीसगढ़ मॉडल को शामिल करने पर विस्तृत चर्चा हुई थी। कर्जमाफी और 2500 रुपया प्रति क्विंटल में धान-गेहूं खरीदने का वादा तो कांग्रेस गोरखपुर की जनसभा से ही कर रही है। कांग्रेस इस चुनाव में आवारा पशुओं से हो रहे नुकसान का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा रही है।

error: Content is protected !!