लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने काम कर रही छत्तीसगढ़ सरकार: टीएस सिंहदेव

अंबिकापुर। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों के खाते में राजधानी रायपुर से प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राशि अंतरित की। जिला स्तरीय समारोह यहां के उच्च विश्राम गृह में आयोजित किया गया था जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व कांग्रेसी नेता मौजूद थे। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव इस राशि अंतरण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में किसानों को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की सोच को छत्तीसगढ़ सरकार साकार कर रही है।
उनकी यही सोच थी कि हर जरूरतमंद के खाते में न्यूनतम राशि जानी चाहिए। किसान न्याय योजना जरूर किसानों के लिए है पर इसके साथ जितनी भी योजनाएं प्रदेश सरकार चला रही है उन सभी में राहुल गांधी की सोच है।उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य जनक की है कि देश की जनता ने जिनको मत देकर देश का नेतृत्व दिया उस चुनी हुई सरकार ने देश को पीछे धकेल दिया। महंगाई चरम पर है। अलगाववाद ने नया रूप ले लिया है। ऐसे समय में जरूरतमंद लोगों व किसानों के लिए राहुल गांधी की सोच के अनुसार ,घोषणा पत्र के अनुसार जो काम हो रहा है वह छत्तीसगढ़ में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में सोचना शुरू किया तो केंद्र ने परेशान भी किया। हमने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की तो केंद्र ने कोटे से अधिक चावल लेने से मना कर दिया।
हमने जब चावल की अधिकता को देखते हुए इथेनाल बनाने की योजना बनाई तो केंद्र ने अनुमति नहीं दी। हमारे मुख्यमंत्री व मंत्री कई बार केंद्र के मंत्रियों से मिलने गए पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।इसके बावजूद हम किसानों और जरूरतमंदों, वंचितों के लिए न्याय योजना चला रहे हैं और अलग-अलग राशि दे रहे हैं ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार हो। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने कैबिनेट की पहली बैठक में ही यह निर्णय लिया था और किसानों को राहत देना शुरू किया।यह पहला राज्य है जहां गोबर की खरीदी हो रही है और गोबर भी आय का जरिया बना है। सीधे किसानों के खाते में पैसा देना अपने आप में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जनप्रतिनिधि प्रशासन के अधिकारी सभी मिल बैठकर लोगों की बेहतरी के लिए काम करेंगे ऐसी उम्मीद है। बता दे कि, सरगुजा जिले के किसानो को न्याय योजना के साथ आज लगभग 39 करोड़ रुपये का अंतरण किया गया है। सीजीएमएससी के अध्यक्ष व लुंड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम ने कहा कि आज का दिन किसानों के लिए ऐतिहासिक है। न्याय योजनाओं के तहत किसानों को राशि मिलती है यह उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए बेहतर कदम है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है। यह मुख्यमंत्री के दौरे से सामने निकलकर आया है।
हम स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के मार्गदर्शन में सरगुजा के विकास के लिए काम कर रहे हैं जो आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम को कलेक्टर संजीव कुमार झा ने संबोधित किया और राशि अंतरण को लेकर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता ने किया।आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सीईओ विनायक कुमार लहंगे ने किया। कार्यक्रम में पादप औषधि बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव,जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह,पूर्व विधायक व सहकारी बैंक के अध्यक्ष रामदेव राम पीसीसी महासचिव जितेंद्र मिश्रा जिला, कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सड़क बन जाए, भवन बन जाए, लोगों की आमदनी न बढ़े यह उचित नहीं-
स्वास्थ मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि हम विकास के लिए सड़क बना दें, भवन बना दें और लोगों की आमदनी के लिए कोई प्रयास न करें यह मेरे लिए किसी काम का नहीं है। गलत जगह राशि खर्च करने से बेहतर है हम लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने उनकी आमदनी बढ़ाने का प्रयास करें व राशि लोगों के लिए खर्च करें। अधिकारी अपनी जवाबदारी समझें और नागरिक जो हमसे उम्मीद रखते हैं उसे पूरा करने आगे आएं।
बदला,बदला था माहौल-
लंबे समय बाद सरगुजा जिले के अंबिकापुर मुख्यालय में आयोजित इस बड़े आयोजन में स्वास्थ्य मंत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। माहौल भी बदला-बदला नजर आया। उनके समर्थक, कांग्रेस संगठन से जुड़े लोगों की भीड़ रही है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी आयोजन में पहुंचे।प्रशासन शासन के सारे अधिकारी मौजूद थे। इशारों-इशारों में अपने उद्बोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर लोगों की समस्या दूर करने की नसीहत भी दे डाली।

error: Content is protected !!