रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना को 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। राज्य के रजत जयंति वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’ कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi in Chattisgarh) करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ आज 10 बजे से होगा। प्रधानमंत्री आज छत्तीसगढ़ में 14,260 करोड़ के विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
रजत महोत्सव कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री तय समय से पहले विशेष विमान से 9.22 बजे माना एयरपोर्ट पर पहुंचे। पीएम मोदी 64 गाड़ियों के काफिले के साथ एयरपोर्ट से सत्यसांई अस्पताल के लिए निकल गए हैं।
श्री सत्य साईं संजीवनी हृदय अस्पताल पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी हृदय अस्पताल पहुंच चुके हैं। यहां पहुंचने पर उन्होंने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया। प्रधानमंत्री से मिलने के लिए छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र सहित अलग-अलग राज्यों से सर्जरी करवाने वाले बच्चे और उनके स्वजन पहुंचे हुए हैं।
ज्ञात हो कि समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्री सत्य साईं अस्पताल विगत 13 सालों से बिना किसी शुल्क के बच्चों को नया जीवन दान दे रहा है। अस्पताल में अब तक 20 हजार से अधिक बच्चों के दिल की सफल सर्जरी की जा चुकी है। वहीं डेढ़ लाख से अधिक की ओपीडी की जा चुकी है। यहां न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि देश-विदेश के भी बच्चों के हृदय की सफल सर्जरी की गई है।
प्रधानमंत्री ने विनोद कुमार शुक्ल और तीजन बाई का हालचाल जाना
रायपुर पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पद्म विभूषण तीजन बाई और लेखक पद्म भूषण विनोद कुमार शुक्ल का हालचाल जाना।
प्रधानमंत्री के स्वागत में पारंपरिक नृत्य
एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के स्वागत में पारंपरिक नृत्य किया गया। रायपुर एयरपोर्ट से निकलकर पीएम मोदी सत्य साईं अस्पताल पहुंचे। इस दौरान रास्तेभर स्कूली छात्र और स्थानीय लोग उनके स्वागत में खड़े रहे। श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में दिल की बात कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
बच्चों से बात कर रहे प्रधानमंत्री मोदी
पीएम नरेन्द्र मोदी बच्चों से दिल की बात कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों से पूछा है कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। इस पर कोरबा जिले की एक बच्ची ने कहा कि वह भी बड़े होकर डाक्टर बनना चाहती है। जिस तरह से उसके हृदय रोग का इलाज हुआ, वैसे ही वह भी डाक्टर बनकर करेगी और बच्चों को नया जीवन देगी।
पीएम मोदी ने वाराणसी में भी किया दिल का अस्पताल बनाने का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री सत्य साईं संजीवनी बाल हृदय अस्पताल से इतने प्रभावित हुए हैं कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी ऐसा ही अस्पताल बनाने का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने सत्य साईं द्वारा जल संरक्षण को लेकर किए गए कार्यों का भी यहां उल्लेख किया है। उन्होंने जल संरक्षण का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक्स पर ट्वीट कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

