छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा को बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी ने दी अहम जिम्मेदारी

राजनांदगांव/रायपुर (दैनिक पहुना)। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस सिलसिले में वे शुक्रवार को बिहार के लिए रवाना होंगे। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को लेकर श्री शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताते हुए बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी को विजय दिलाने की जिम्मेदारी दी है। मैं इस विश्वास के लिए पार्टी नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करता हूँ।” श्री शर्मा का यह दायित्व न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि अन्य राज्यों में पार्टी की रणनीतिक भूमिका में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी दर्शाता है। वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और उनकी कार्यशैली को पार्टी नेतृत्व ने कई बार सराहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी को निभाएंगे और पार्टी के विजय संकल्प को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। ज्ञात हो कि श्री शर्मा इसके पूर्व असम, उत्तराखण्ड, गुजरात ,हिमाचल प्रदेश  मध्यप्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में विधानसभा चुनाव में संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं, जहां उनकी सक्रियता से पार्टी के प्रत्याशियों ने विजयश्री प्राप्त की थी।

error: Content is protected !!