रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भीषण सड़क हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है।
सीएम ने आगे कहा, इस दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बता दें कि आज सुबह करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई है, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी का बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

