कलेक्टर ने खैरागढ़ विकासखंड के कई ग्रामों सघन निरीक्षण किया

राजनांदगांव। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति जानने के लिए खैरागढ़ विकासखंड ग्राम विचारपुर के गौठान, ग्राम सिरसाही में खेती-बाड़ी, उरईडबरी में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला, आंगनबाड़ी केन्द्र, नरवा, पशुपालन एवं डेयरी, टेकापार में टीकाकरण केन्द्र, अचानकपुर नवागांव में लोक सेवा केन्द्र तथा स्कूल का सघन निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने ग्राम विचारपुर में गौठान का निरीक्षण किया और इस दौरान उन्होंने गोबर खरीदी का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सुराजी गांव योजना शासन की लोकहितैषी योजना है। ग्रामीण क्षेत्रों में संरचना विकसित होने के बाद इसमें निरंतर कार्य होते रहेगा और समूह की महिलाओं को आजीविका का साधन मिलेगा। उन्होंने गौठान में गोबर खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट की जानकारी ली। सचिव ने उन्हें बताया कि 705 क्ंविटल गोबर की खरीदी की गई है तथा 137 क्ंविटल वर्मी कम्पोस्ट बनाया गया है। कलेक्टर ने वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए तथा वर्मी कम्पोस्ट बिक्री के लिए भी कहा। उन्होंने गौठान में छायादार पेड़ लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में साफ-सफाई करने तथा बकरी शेड का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां समूह की महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देने के लिए कहा। उन्होंने ग्रामवासियों से बातचीत के दौरान वहां की बुनियादी सुविधाओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने ग्राम सिरसाही में किसान राजेश लोधी के केले की फसल का अवलोकन किया। राजेश लोधी ने 12 एकड़ भूमि में केले की फसल लगाई है। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि वे मल्चिंग विधि से लौकी और टमाटर की खेती भी कर चुके हैं।
कलेक्टर ने ग्राम उरईडबरी में बहरा नाला में नरवा के गेबियन स्ट्रक्चर का अवलोकन किया। यहां निर्मित इस जल संरचना से गांव के खेतों में सिंचाई की जा रही है। सिंचाई के लिए सोलर पैनल भी लगाया गया है।

error: Content is protected !!