कॉलेज छात्र को किडनैप कर लूटपाट, बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस….

जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में कॉलेज छात्र और उसके साथी का अपहरण कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने दोनों युवकों को कार में बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक घुमाया और 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए, साथ ही सोने की अंगूठी लूट ली।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक, दो रामपुरी चाकू और लूटी गई सोने की अंगूठी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

चंडालभाटा में हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, बाई का बगीचा निवासी कॉलेज छात्र लक्ष्य झा (20) अपने दोस्त अभिनव श्रीवास्तव के साथ शनिवार रात कार (एमपी 04 सीआर 1566) से निकला था। चंडालभाटा क्षेत्र में लघुशंका के लिए रुकने पर चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों ने कार की चाबी छीन ली और दोनों को कार में बंधक बना लिया।

इसके बाद आरोपितों ने करीब ढाई घंटे तक दोनों को कार में बंद रखकर डराया-धमकाया और ऑनलाइन 20 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। साथ ही छात्र की सोने की अंगूठी भी लूट ली।

पुलिस ने निकाला जुलूस

रविवार को प्रकरण दर्ज होने के बाद गोहलपुर पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी रीतेश पांडे के मुताबिक, आरोपितों की पहचान नगर निगम बस्ती चंडालभाटा निवासी बृजेश मेहतो, सुमित डुमार और सुमित समुद्रे उर्फ सचिन के रूप में हुई। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपितों का इलाके में जुलूस भी निकाला। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!