कांग्रेस को गरीबों की आह लगी : सीएम विष्णुदेव साय


रायपुर/बसना। कांग्रेस सरकार ने 18 लाख गरीबों को आवास नहीं दिया। कई लोगों के मकान अधूरे के अधूरे रह गए। इसलिए कांग्रेस को गरीबों की आह लगी। जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। जबकि हमारी सरकार ने वादे के मुताबिक शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन 18 लाख गरीबों के आवास को स्वीकृति दी। क्योंकि हमारी नीति भी ठीक है, नियत भी ठीक है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद के बसना में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित किया।

उन्होंने कहा कि 10 वर्षों की मोदी सरकार, 15 वर्षों की रमन सरकार, अभी 3 महीने की हमारी सरकार की ऐसी कोई भी योजनाएं नहीं होंगी जो हर घर तक न पहुंची हो। मोदी और भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक घरों के लोगों को मिला है। सीएम साय ने प्रदेश में 46 प्रतिशत मत और 54 सीटों के साथ हुई भाजपा की बम्पर जीत के लिए जनता का विशेष आभार जताया। लोकसभा चुनाव में भी पूर्ण सहयोग की मांग की, रूपकुमारी चौधरी को प्रचंड मतों से जिताने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार की पोल खोलते हुए कहा कि कांग्रेस लबरा पार्टी है, ठगरा पार्टी है। कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। शराब के दो काउंटर थे, एक काउंटर का पैसा कांग्रेस सरकार को जाता था, दूसरे काउंटर का पैसा सोनिया-राहुल-प्रियंका के पास जाता था। पूरी कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ के शराब के पैसे से चली। तभी तो छत्तीसगढ़ की जनता ने 2023 में कांग्रेस को सरकार से आउट कर दिया। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। छः महीने से एक साल हो गए उनका जमानत नहीं हो रहा है। आज भी कई भ्रष्ट अधिकारी जेल गए हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है, खाता खोलने भी नहीं देना है।

विष्णु देव साय ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है। हर महीने के पहले सप्ताह को किश्त की राशि दे दी जाएगी, ये भरोसा मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिलाया। रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे कि प्रदेश के रामभक्त अयोध्या में भांचा राम के दर्शन का लाभ पा रहे हैं। उन्होंने 5500 रूपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदने के आदेश भी दे दिए जाने की बात कही। साथ ही उन्होंने मोदी की गारंटी में जो बचे वादे हैं उनको भी सांय-सांय पूरा करने की बात कही।

error: Content is protected !!