पटना (Bihar politics news 2025)। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को बड़ा एलान किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलान किया कि पार्टी माई बहिन मान योजना (Mai Bahin Maan Yojana) के तहत बिहार की महिलाओं को फ्री सेनेटरी पैड (sanitary pads) बांटेंगी।
राजेश राम ने मीडिया को बांटे जाने वाले सेनेटरी पैड का पैकेट भी दिखाया। हालांकि पैकेट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का फोटो छपे होने पर बवाल मच गया। भाजपा और जदयू का कहना है कि सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी का फोटो अशोभनीय है और यह कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।

भाजपा बोली- यह बिहार की महिलाओं का अपमान
कांग्रेस की इस प्रियदर्शिनी उड़ान योजना का उद्देश्य मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में जागरूकता बढ़ाना है और यह कांग्रेस की व्यापक महिला-केंद्रित पहल का हिस्सा है।
सेनेटरी पैड बॉक्स पर राहुल गांधी की तस्वीर है, साथ ही कांग्रेस ने वंचित परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का चुनावी वादा भी किया है। सेनेटरी पैड बॉक्स पर राहुल की तस्वीर लगाने के फैसले की भाजपा ने आलोचना की है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर लिखा, सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर बिहार की महिलाओं का अपमान है। कांग्रेस एक महिला विरोधी पार्टी है। बिहार की महिलाएं कांग्रेस और राजद को सबक सिखाएंगी।
वहीं कांग्रेस ने यह कहते हुए अपनी योजना का बचाव किया है कि भाजपा ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया है। भाजपा को डर है कि कांग्रेस की इस पहल से उसका महिला वोट बैंक खत्म हो जाएगा।

