Cyclone Ditwah: साइक्लोन ‘दित्वाह’ आज तमिलनाडु-पुडुचेरी से टकराएगा, भारी बारिश की चेतावनी, 54 फ्लाइट्स रद्द, स्कूल-कॉलेज बंद

Cyclone Ditwah Live News Updates: श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद साइक्लोन ‘दित्वाह’ भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। चक्रवात दित्वाह का आज तमिलनाडु-पुडुचेरी में लैंडफॉल होगा। साइक्लोन ‘दित्वाह’ का असर भी इन इलाकों में दिखने लगा है। चेन्नई में भारी बारिश हो रही है। तमिलनाडु समेत तीन राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

तमिलनाडु के तटीय जिलों में राहत-बचाव के लिए NDRF और SDRF समेत 28 से ज्यादा डिजास्टर रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया है। इनके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात के NDRF बेस से 10 टीमें चेन्नई पहुंची हैं।

54 उड़ानें रद्द, स्कूल और कॉलेज सोमवार तक बंद

तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण शनिवार को 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने साइक्लोन के कारण छुट्टी घोषित कर सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में सभी स्कूल और कॉलेज सोमवार तक बंद रहेंगे।

तमिलनाडु की ताजा स्थिति

चक्रवात Ditwah का जबरदस्त असर देखा जा रहा है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में तेज हवाएं और समुद्र में उफान देखने को मिला है। मरीना बीच से ऐसे ही दृश्य सामने आए हैं। IMD के मुताबिक, तूफान आज तट से टकराने वाला है। साइक्लोन दित्वाह के करीब आने पर चेन्नई में हवा की रफ्तार और समुद्री लहरें तेज हुई हैं। मरीना बीच पर लहरें लगातार ऊंची उठती दिखीं। चक्रवात के असर से तूतीकोरिन में भारी जलभराव हो गया है। इलाके में लगातार भारी बारिश हो रही है।

कोलंबो एयरपोर्ट पर लगभग 300 भारतीय यात्री पिछले तीन दिन से फंसे

श्रीलंका में दितवाह के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड से 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। 100 से ज्यादा लापता हैं। चेन्नई की फ्लाइट्स कैंसिल होने के कारण कोलंबो एयरपोर्ट पर लगभग 300 भारतीय यात्री पिछले तीन दिन से फंसे हैं। ये सभी दुबई से श्रीलंका के रास्ते भारत आने वाले थे।

भारत बना पहला रिस्पॉन्डर… ऑपरेशन सागर बंधु

श्रीलंका की मदद के लिए भारत ने राहत अभियान ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया है। INS विक्रांत से दो चेतक हेलिकॉप्टर बचाव कार्य में उतारे गए। श्रीलंका एयरफोर्स के कर्मी भी शामिल हैं। अब तक 27 टन राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। दो अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू टीमों में 80 NDRF कर्मी श्रीलंका में तैनात हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने X पर लिखा, ऑपरेश सागर बंधु के तहत आईएनएस विक्रांत से दो चेतक हेलिकॉप्टर Sri Lankan personnel के साथ सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशंस में लगे हैं।

श्रीलंका में 150 मौतें, 191 लापत

श्रीलंका में Ditwah ने भयंकर तबाही मचाई है। कई इलाकों में भूस्खलन, बाढ़ और भारी तबाही के बीच सरकार ने देशभर में इमरजेंसी लागू कर दी है। DMC अपडेट (शनिवार शाम 7 बजे) के मुताबिक, श्रीलंका में अब तक 150 से अधिक मौतों की खबर आई और  191 लोग लापता हैं। दर्जनों इलाके पानी में डूबे हैं. एयर ट्रैफिक बाधित हैं। फ्लाइट्स कैंसिल हैं। हजारों भारतीय पर्यटक भी एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।

error: Content is protected !!