‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने किया छोटा भीम, मोटू-पतलू और हनुमान का जिक्र? जानें वजह

PM Modi Mann Ki Baat 115th Episode: पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 115वें एपिसोड में आज (रविवार) फिर देश की जनता को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान भारत में बढ़ते एनिमेशन इंडस्ट्री पर चर्चा की। मोदी ने कहा कि भारत एनिमेशन दुनिया में नई क्रांति लाया है। इस दौरान उन्होंने छोटा भीम (Chhota Bheem), मोटू-पतलू (Motu-Patlu) और हनुमान जैसे एनिमेटेड सीरियलों का जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा, “देश में क्रिएटिविटी की लहर चल रही है। जब छोटा भीम टीवी पर आता था तो बच्चे कितने खुश होते थे। हमारे दूसरे एनिमेटेड सिरियल मोटू-पतलू, हनुमान दुनिया भर में प्रचलित है। भारत का एनिमेशन दुनिया भर में प्रचलित है। कल वर्ल्ड एनिमेशन डे मनाया जाएगा। आइए भारत को मजबूत करें।

पीएम मोदी ने कहा, “एनिमेशन सेक्टर आज एक ऐसी इंडस्ट्री का रूप ले चुका है, जो दूसरी इंडस्ट्री को ताकत दे रहा है। जैसे इन दिनों वीआर टूरिज्म (VR Tourism) बहुत प्रसिद्ध हो रहा है। आप वर्चुअल टूर के जरीए अंजता की गुफाओं को देख सकते हैं। कोणार्क मंदिर के कॉरिडोर में टहल सकते हैं या फिर वाराणसी के घाटों का आनंद ले सकते हैं। मोदी ने कहा, “पर्यटन स्थल का वर्चुअल टूर लोगों के मन में जिज्ञासा पैदा करने का माध्यम बन गया है। आज इस सेक्टर में एनिमेटर्स के साथ ही स्टोरी टेलर्स, लेखक, वाइस-ओवर एक्सपर्ट, म्यूजिशियन, गेम डेवलर्स, वीआर और एआर एक्सपर्ट उनकी भी मांग लगातार बढ़ती जा रही है। इस वजह से मैं भारत के युवाओं से कहूंगा कि अपनी क्रिएटिविटी को विस्तार दें। क्या पता दुनिया का अगला सुपर हिट एनिमेशन आपके कम्प्यूटर से निकले।

बिरसा मुंडा और सरदार पटेल को किया याद

इससे पहले पीएम मोदी से अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों को याद किया। मोदी ने कहा कि उन्हें बिरसा मुंडा की जन्मस्थली जाने का मौका मिला, जो उनके लिए खास था। उन्होंने कहा, दो महापुरुषों की 150वीं जयंती आ रही है। 31 अक्टूबर से सरदार पटेल की 150वीं जन्म जयंती का वर्ष शुरू होगा। इसके बाद 15 नवंबर से भगवान बिरसा मुंडा का 150वां जन्मजयंती वर्ष शुरु होगा।

 डिजिटल अरेस्ट से रहें सावधान

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने  डिजिटल अरेस्ट शब्द का भी जिक्र किया। उन्होंने, इस दौरान एक आडियो भी सुनाया। इसमें एक अधिकारी शख्स को धमकाने का काम कर रहा है। पीएम ने कहा कि यह कोई मनोरंजन वाला आडियो नहीं है। इसमें एक आदमी दूसरे शख्स को डिजिटल अरेस्ट कर रहा है। पीएम ने कहा कि यह लोग आम जनता पर दबाव बनाते हैं और लोगों को ठगने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसे मामलों में तीन चरणों पर काम करना चाहिए। ये है रुको, सोचो और एक्शन लो। उन्होंने कहा ऐसे काल आने पर आपको घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें किसी तरह की जानकारी को देने से पहले सोचना चाहिए. इसके बाद आप साइबर सेल में शिकायत कर सकते हैं।

आत्मनिर्भरता हमारी नीति ही नहीं, हमारा जुनून भी
उन्होंने आगे कहा कि आत्मनिर्भरता हमारी नीति ही नहीं, हमारा जुनून बन गया है। बहुत साल नहीं हुए, सिर्फ 10 साल पहले की बात है, तब अगर कोई कहता था कि भारत में कोई जटिल तकनीक विकसित की जा रही है तो कई लोगों को विश्वास नहीं होता था, तो कई उपहास उड़ते थे। लेकिन आज वही लोग, देश की सफलता को देखकर अचंभे में रहते हैं। आत्मनिर्भर हो रहा भारत हर क्षेत्र में कमाल कर रहा है।

आत्मनिर्भर भारत अभियान एक जन-आंदोलन बन रहा
‘मन की बात’ के 115वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब आत्मनिर्भर भारत अभियान एक जन-आंदोलन बनता जा रहा है। इसी महीने हमने लद्दाख के हान्ले में एशिया के सबसे बड़े ‘इमेजिंग टेलीस्कोप MACE’ का उद्घाटन किया। यह 4300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है… एक ऐसी जगह जहां ठंड -30 डिग्री से भी कम है, जहां ऑक्सीजन तक की कमी है, हमारे वैज्ञानिकों और स्थानीय उद्योग ने वो कर दिखाया है जो एशिया के किसी और देश ने नहीं किया। हान्ले टेलिस्कोप भले ही दूर की दुनिया देख रहा हो, लेकिन ये हमें आत्मनिर्भर भारत की ताकत भी दिखा रहा है।

तीन अक्तूबर 2014 को हुई थी शुरुआत
बता दें कि मन की बात की शुरुआत तीन अक्तूबर 2014 को हुई थी। इसे 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित किया जाता है, जिसमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों द्वारा किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!