दिग्विजय कॉलेज: लिपिड मेटाबॉलिज्म व इससे संबंधित रेागों पर दी गई जानकारी

 

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय  के वनस्पति शास्त्र विभाग में आज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एल. टांडेकर के मार्गदर्शन में अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री टांडेकर ने दिग्विजय व्याख्यानमाला हेतु वनस्पति शास्त्र विभाग को बधाई दी एवं कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों हेतु बहुत लाभप्रद होते हैं। वनस्पति शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता महिश्वर ने विषय विशेषज्ञ डॉ. अवधेश कुमार श्रीवास्तव का परिचय दिया।विषय विशेषज्ञ के रूप में शासकीय दानवीर तुलाराम महाविद्यालय उतई के वनस्पति शास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ. अवधेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा व्याख्यान दिया गया। डॉ. श्रीवास्तव ने अपने व्याख्यान में लिपिड मेटाबॉलिज्म के अंतर्गत लिपिड की संरचना,लिपिडके प्रकार,लिपिड डाइजेशन,लिपिड अवशोषण, लिपिड ट्रांसपोर्ट,संग्रहित लिपिड,लिपिड कैटाबॉलिज्म,प्लाज्मा मेंब्रेन लिपिड,ट्राइग्लिसराइड,वसीय अम्ल तथा कोलस्ट्रॉल के जैव संश्लेषण पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। इन्होंने साथ ही साथ लिपिड मेटाबॉलिज्म से संबंधी बीमारियों जैसे गोसर्स रोग,निमेन-पिक रोग,टाय-सेक रोग,फैब्रीस रोग,सेरीब्रोटेन्डीनस जेन्थोमेटोसिस आदि रोगों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. त्रिलोक कुमार द्वारा किया गया तथा विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता महिश्वर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अतिथि व्याख्यान में वनस्पति शास्त्र विभाग के समस्त प्राध्यापक डॉ. सोनल मिश्रा,डॉ. केशव आदिल,डॉ. किरण जैन,मोहित साहू एवं एम.एस.सी. वनस्पति शास्त्र के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के समस्त विद्यार्थीगण उपस्थित रहकर लाभान्वित हुए।

error: Content is protected !!