
राजनांदगांव। शहर के तुलसीपुर क्षेत्र में स्थित स्टेशनरी की दुकान से बच्चों को व्हाइटनर बेचा जा रहा है। इसका उपयोग बच्चे नशा करने के लिए कर रहे हैं। जिसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस एवं साइबर टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश देकर दुकानदार को नाबालिगों को व्हाइटनर एवं डायल्यूटर बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि व्हाइटनर एवं डायल्यूटर जैसे पदार्थों का उपयोग इनहेलेंट एब्यूज (Inhalant Abuse) के रूप में किया जा रहा है, जो बच्चों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। ऐसे पदार्थों के सेवन से बच्चों में गंभीर एवं दीर्घकालिक दुष्प्रभाव उत्पन्न होते हैं, साथ ही यह किशोर अपराध (Juvenile Crimes) की ओर भी प्रेरित कर सकता है। उक्त प्रकरण में प्रेमलाल देवांगन, निवासी तुलसीपुर, संचालक देवांगन जनरल स्टोर के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। जिला पुलिस आमजन को यह स्पष्ट रूप से अवगत कराती है कि नाबालिगों को किसी भी प्रकार के नशीले अथवा दुरुपयोग योग्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के कृत्यों पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी।

