ड्रोन से भी होगी झांकी मार्गों की निगरानी; सुरक्षा के किये गये पुख्ता इंतजाम

 

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने स्वयं संभाली है सुरक्षा की कमान

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। आज देर शाम से गणेश विसर्जन झांकियां चकाचौंध के साथ संस्कारधानी की सड़कों पर निकलने लगेंगी पुलिस विभाग के पास ऐसी 25 विसर्जन झांकियां आज दोपहर तक पंजीकृत हो चुकीं हैं। झांकियां देखने स्थानीय नागरिकों के साथ ही सुदूर गांवों, कस्बों व दूसरे नगरों से लाखों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटना संभावित है। ऐसा इसलिये भी कि बीते 2 साल तक कोरोना महामारी की बदिशों के चलते विसर्जन झांकियां नहीं निकल पायीं थी, जिसके चलते लोग विसर्जन झांकियां देखने तरस गये है। आज रात यह इच्छा भी पूरी हो जायेगी। बस लोग मौसम साफ सुथरा रहे यह कामना कर रहे हैं। शहर में आज रात विसर्जन झांकियां देखने जन समुद्र उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस व सिविल प्रशासन द्वारा शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाये रखने व्यापक प्रबंध कर लिये गये है। ज्ञात हो जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने विसर्जन झांकियां निकलने के आज के इस अवसर पर एक हजार पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई है। वे स्वयं भी व्यवस्था का  रह रहकर जायजा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि झांकी मार्गों की ड्रोन से भी निगरानी होगी। वर्दी और सिविल ड्रेस में भी पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है। राजनांदगांव के बटालियन व पीटीएस के भी बल लगे हैं। बालोद जिले, खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले व मोहला मानपुर चौकी जिले के भी पुलिस बल बुलाये गये हैं। झांकी मार्गों में बैरिकेडिंग व मचान की व्यवस्था भी कर ली गई है। पार्किंग व्यवस्था सभी डायरेक्शन में होगी। स्टेट स्कूल मैदान, म्युनिसिपल स्कूल मैदान, गुजराती स्कूल, नंदई के पास हाट बाजार, जी ई रोड में फ्लाई ओवर के नीचे ये सब अस्थ्यायी पार्किंग स्थल बनाये गये हैं। शहर के भीतर और शहर के आऊटर में पेट्रोलिंग गाड़ियां घूमती रहेगी। बदमाशों की धर पकड़ शुरू हो गई है। विद्युत मंडल, नगर पालिक निगम, स्वास्थ्य विभाग, पी डब्ल्यू डी,राजस्व विभाग के भी अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्था बनाये रखने में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। विसर्जन झांकी की रात बिजली गुल न हो इसका भी ध्यान रखा जायेगा। सीधे नदी में नही विसर्जन कुंड में मूर्तियों का विसर्जन होगा। क्रेन गोताखोर आदि की व्यवस्था कर ली गई है। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, डॉक्टर-नर्स आदि की टीम भी पूरी रात सेवाएं देंगी।

error: Content is protected !!