रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य शासन ने महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को e-KYC(CG Mahtari Vandana Yojana ekyc) कराने का निर्देश दिया हैं। ये ई-केवाईसी महिला और बाल विकास विभाग द्वारा कराया जाना है।
कब तक होगी ई-केवाईसी ?
राज्य के अलग-अलग जगहों पर शिविर लगाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया की जाएगी। हितग्राहियों को राज्य सरकार द्वारा ई-केवाईसी के लिए 30 जून 2026 तक का समय दिया गया है, जिन हितग्राहियों का ई-केवाईसी इस अवधि में पूरा नहीं हो पाएगा, उनके लिए 1 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक परियोजना कार्यालयों में विशेष व्यवस्था की जाएगी।
ई-केवाईसी में क्या होगा ?
ई-केवाईसी के माध्यम से हितग्राहियों की पहचान और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा, जिससे योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिल सकें। इस ई-केवाईसी के माध्यम से राज्य सरकार पारदर्शिता बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारी ने बताया कि ये प्रक्रिया निशुल्क की जाएगी। ई-केवाईसी ना कराने पर हितग्राहियों को आने वाले समय में लाभ से वंचित किया जा सकता है, इसलिए सभी के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया अनिवार्य है। महतारी वंदन योजना का लाभ उठाने वाली सभी महिलाएं अपने निकटतम निर्धारित केंद्र जैसे लोक सेवा केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र या सीएससी में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं, जिससे उन्हें योजना का लाभ मिलता रहे। महतारी वंदन योजना से लाभांवित जिन महिलाओं ने 2-3 महीने पहले केवाईसी कराई है, उन्हें फिर से ई-केवाईसी कराने की आवश्यकता नहीं हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए ई-केवाईसी केंद्र पर जाकर पता लगाया जा सकता है।


