गरियाबंद. धान खरीदी केंद्र से लगभग 32.95 लाख का 1063.20 क्विंटल धान गबन करने के आरोप में पुलिस ने प्रभारी समिति प्रबंधक चंदनसिंह राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आज आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पूरा मामला देवभोग के धान उपार्जन केंद्र झाखरपारा का है।
देवभोग थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह ने बताया कि प्राधिकृत अधिकारी शपदुलोचन जगत ने थाना देवभोग में लिखित शिकायत कर बताया था कि खरीदी वर्ष 2024-25 में झाखरपारा सहकारी समिति प्रभारी प्रबंधक चंदनसिंह राजपूत ने कुल 1063.20 क्विंटल धान का गबन कर शासन को 32,95,920 रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई है। इसकी सूचना सहकारिता विभाग को दी गई थी। अधिकारी के निर्देश के बाद मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने ने आरोपी के विरुद्ध शासकीय अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराध पंजीबद्ध करने के बाद प्रभारी समिति प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है। आगे और जांच की जाएगी। मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे उसे सह आरोपी बनाया जाएगा।

