जल्द धान खरीदी शुरु होने से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा : मदन साहू

 

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी की घोषणा की है। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने इस घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में किसान हितैषी निर्णयों ने प्रदेश को आर्थिक रुप से सक्षम किया है। इस बार जल्द धान खरीदी शुरु होने से किसानों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि, 15 सालों तक जो किसान शोषित रहे उन्हें अब न्याय मिल रहा है। देश में सबसे अधिक दर पर छत्तीसगढ़ में किसानों से धान खरीदा जा रहा है।

श्री साहू ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में धान के साथ ही अन्य खरीफ फसलों की सरकारी खरीद भी की जा रही है। किसानों को इसका लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में राज्योत्सव के साथ ही धान खरीदी महोत्सव की शुरुआत होगी। इसके लिए दो माह पूर्व ही अधिकारियों को तैयारी के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निर्देशित किया है। सरकार सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को किसी तरह की समस्या न हो और उन्हें समुचित लाभ प्राप्त हो।

जिला अध्यक्ष साहू ने कहा कि, प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राजीव गांधी किसान न्याय योजना की किस्त किसानों के खाते में दीपावली से पहले हस्तांतरित कर दी जाएगी। त्यौहारों के दौरान मिलने वाली राशि से घरों में रौशनी जगमगाएगी। इससे बाजार को भी उछाल मिलता है। व्यवसायिक गतिविधियों के बढ़ने का फायदा सभी वर्गों को मिलता है जिसे लेकर सरकार सुनियोजित तरीके से काम कर रही है। श्री साहू ने सरकार की नीतियों, योजनाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया है।

error: Content is protected !!