महाकाल मंदिर में आरती के दौरान लगी आग, पुजारी समेत 14 लोग झुलसे…

उज्‍जैन। धुलेंडी के अवसर पर उज्‍जैन के महाकाल मं‍दिर में भस्‍मारती के दौरान आग लग गई। इसकी चपेट में पुजारी, पंडे और सेवकों सहित कुल 14 लोग झुलस गए। घटना के दौरान देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु मंदिर में मौजूद थे। कुछ पुजारी गंभीर घायल बताए गए हैं। बाकी लोगों की हालत सामान्‍य बताई गई है। आधा दर्जन से अधिक पुजारियों को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया था।

तीन पुजारियों को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इंदौर के बाद सीएम ने उज्‍जैन पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। मीडिया से चर्चा में उन्‍होंने घटना को दुर्भाग्‍यपूर्ण बताया और कहा कि घायलों के लिए एक लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। घायलों का बेहतर उपचार भी किया जाएगा।

सीएम ने कहा कि यह घटना खतरे की घंटी

सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि भगवान की कृपा से कोई बड़ी त्रासदी नहीं हुई। एक तरह से यह एक खतरे की घंटी है, हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। मैंने उज्जैन और इंदौर दोनों जगह घायल को देखा है। घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। घायलों का उचित इलाज किया जाएगा और हमने प्रशासन से कहा है कि सभी को 1-1 लाख रुपये की मदद की जाए। हम यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।

error: Content is protected !!