पुलिस ने बताया कि दिल्ली नगर निगम में सफाईकर्मी के रूप में काम करने वाला कर्मचारी अशोक वाल्मीकि का एक महिला के साथ अफेयर चल रहा था। जिसकी जानकारी उसकी पत्नी मीनाक्षी को लग गई थी। अफेयर की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। जिससे तंग आकर आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की साजिश रची। प्लानिंग के तहत 17 फरवरी को अशोक पत्नी के साथ दिल्ली से प्रयागराज के लिए निकल गया। 18 फरवरी को अशोक और मीनाक्षी ने मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। संगम नगरी के तमाम देवी देवताओं का आर्शीवाद लिया और त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी भी लगाई। इस दौरान शातिर ने पत्नी के साथ वीडियो बनाया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
लॉज में कर दी पत्नी की हत्या
महाकुंभ में स्नान करने के बाद अशोक पत्नी के साथ एक लॉज की तलाश में निकल गया। प्लानिंग के तहत आरोपी ने एक ऐसा लॉज ढूंढा, जहां उससे आईडी कार्ड नहीं मांगा गया। कमरे की चाबी मिलते ही शातिर मौके की तलाश करने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी बाथरूम गई। आरोपी का माथा ठनका और उसने चाकू पकड़ी और पीछे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया। लॉज संचालक ने पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई आईडी न होने के चलते महिला की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मृतका की फोटो आस-पास के थाने में लगवा दी। ताकि कभी न कभी उसके परिजन उसे ढूंढते हुए थाने आ जाए।
तुम्हारी मां मेले में बिछड़ गई
इधर, पत्नी का कत्ल करके अशोक दिल्ली पहुंच गया। घर पहुंचते ही जब बच्चों ने मां के बारे में पूछा तो उसने महाकुंभ में बिछड़ने की झूठी कहानी सुना दी। पिता की कहानी पर दो बच्चों को तो यकीन हो गया लेकिन उसका बड़ा बेटा मानने को तैयार नहीं था। वह तुरंत अपनी मां की खोज के लिए महाकुंभ के लिए निकल गया। मां को ढूंढते हुए उसका बेटा झूंसी थाना पहुंच गया। वहां उसने पुलिसकर्मियों को सारी घटना बताई और अपनी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस दौरान उसने मां की फोटो भी दिखाई। जिसे देखती ही एक पुलिसकर्मी ने कहा कि ऐसी ही एक महिला का शव उन्होंने एक लॉज से बरामद किया। पुलिस वालों ने महिला का शव दिखाया और उसका बेटा रो पड़ा।
ऐसी खुली आरोपी की पोल
पुलिस कर्मियों ने उसे शांत कराया और कहा कि इनका तो मर्डर हुआ है। यह सुनते ही अशोक का बेटा चौंक गया और कहा कि पापा ने तो बोला था कि मां मेले में उनसे बिछड़ गई है। यह सुनते ही पुलिस को सारा मामला समझ आ गया। उन्होंने कहा कि अपने पापा को यहां बुलाओ लेकिन उनको ये मत बताना तुम्हारी मां की डेड बॉडी मिली है। बेटे के गिड़गिड़ाने के बाद अशोक वहां पहुंचा और पुलिस वाले ने उसे दबोच लिया। पहले तो अशोक ने अपना मुंह नहीं खोला लेकिन जब पुलिस सख्ती से पेश आई तो आरोपी ने सारा सच उगल दिया।