राजनांदगांव। ट्रैक्टर चोरी के मामले में गैंदाटोला पुलिस ने एक नाबालिक सहित 5 या अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी के ट्रैक्टर को ग्राम खुर्सीपार, चिरपोटा जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार विगत 14 जनवरी को प्रार्थी जीवनलाल पटेल निवासी खुर्सीपार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके घर के सामने खड़ा स्वराज 735 ट्रैक्टर क्रमांक CG 08 AL 8685 जिसकी कीमत 3,50,000/- रूपये को, रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। जिसकी रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध किया गया। निरीक्षक कौशलेश देवांगन थाना प्रभारी गैंदाटोला एवं निरीक्षक विनय पम्मार प्रभारी सायबर सेल के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर ट्रैक्टर को ग्राम खुर्सीपार, चिरपोटा जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया।
साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक अपचारी बालक को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में बताया कि उसने योगेश साहू, देवेन्द्र साहू, यशवंत कुमार नेताम एवं अजय कुमार के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 05 X 8600 ग्राम साकरदाहरा, थाना डोंगरगांव के पास मिली, जिसमें चारों आरोपी सवार थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर चारों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार एवं पेचकस जप्त किए गए। चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। अपचारी बालक को पृथक से माननीय किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

