शराब के विवाद में दोस्त की हत्या, पत्नी के साथ मिलकर घर में दफनाया शव….

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शराब पीने को लेकर मामूली विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की लाठी-डंडे से वार कर हत्या कर दी, फिर शव को आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर घर के अंदर दफना दिया। पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी मिथलेश कुजूर ने घटना के 9 दिन बाद खुद थाने पहुंचकर हत्या की जानकारी दी और अपना जुर्म कबूल किया। बताया जा रहा है कि आरोपी आत्मा के आने के डर से मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने पुलिस के सामने सच्चाई उजागर कर दी।

विवाद के दौरान आरोपी का टूटा था मोबाइल

पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की दरमियानी रात मृतक बृजलाल अपने दोस्त मिथलेश के यहां गया था, जहां उसने शराब पीने का ऑफर किया। बृजलाल ने नवरात्रि चलने के कारण शराब पीने से मना कर दिया। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें आरोपी का मोबाइल टूट गया। फिर गुस्से में आकर मिथलेश ने बृजलाल पर लाठी-डंडे से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर ही जमीन में दफना दिया था, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

जमीन खोदकर शव को निकाला बाहर, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार की मौजूदगी में जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया और आगे की जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर को हिरासत में लिया है और मामले में उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!