संजय गांधी, विजय रूपाणी से लेकर अजित पवार तक… प्लैन क्रैश ले चुका इन नेताओं की जान

डिजिटल डेस्क। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजीत पवार का बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर हुए विमान हादसे में निधन हो गया। चार्टर्ड विमान इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। इस हादसे में अजीत पवार समेत कुल छह लोगों की जान चली गई।

हादसे में विमान के दोनों पायलट और अजीत पवार के दो सुरक्षाकर्मी भी मारे गए। बताया जा रहा है कि अजीत पवार जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे। यह कोई पहला मौका नहीं है जब किसी बड़े राजनीतिक नेता की जान विमान दुर्घटना में गई हो। इससे पहले भी देश कई ऐसे दुखद हादसों का गवाह बन चुका है।

विमान हादसों में जान गंवाने वाले प्रमुख नेता

विजय रुपाणी (Vijay Rupani)

12 जून 2025 को गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया था। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी (68) समेत विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई थी। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था, लेकिन टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विजय रुपाणी ने वर्ष 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था।

संजय गांधी (Sanjay Gandhi)

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी की 23 जून 1980 को दिल्ली में एक विमान हादसे में मौत हो गई थी। उस समय 33 वर्षीय संजय गांधी को इंदिरा गांधी का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जा रहा था। यह दुर्घटना तब हुई जब वह दो सीटों वाला विमान उड़ा रहे थे। सफदरजंग एयरपोर्ट के पास विमान क्रैश हो गया था।

वाईएस राजशेखर रेड्डी (YS Rajasekhara Reddy)

आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी का 2 सितंबर 2009 को नल्लामाला पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया था। लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद दुर्घटनास्थल का पता लगाया जा सका। वह वाईएसआर के नाम से लोकप्रिय थे।

माधवराव सिंधिया (Madhavrao Scindia)

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और ग्वालियर राजघराने के सदस्य थे। 30 सितंबर 2001 को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव में एक चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। वह कानपुर में एक रैली को संबोधित करने जा रहे थे। हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की जान चली गई थी।

अन्य नेता भी बन चुके हैं हादसों का शिकार

अजीत पवार, विजय रुपाणी, संजय गांधी, वाईएस राजशेखर रेड्डी और माधवराव सिंधिया के अलावा, पूर्व लोकसभा स्पीकर और टीडीपी नेता जीएमसी बालयोगी, अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डोरजी खांडू, हरियाणा के तत्कालीन बिजली मंत्री ओपी जिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेंद्र सिंह, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री गुरनाम सिंह और गुजरात के दूसरे मुख्यमंत्री बलवंतराय मेहता की भी विमान हादसों में जान जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!