शादी में हो रही देरी से हताश प्रेमी जोड़े ने उठाया आत्मघाती कदम, लड़की ने घर में, तो लड़के ने पेड़ में लगाई फांसी

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। शादी में हो रही देरी से हताश प्रेमी-प्रेमिका के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. बस बात इतनी थी कि लड़के की कम उम्र होने की वजह से घर वालों ने शादी के लिए रुकने को कहा था.

घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव की है, जहां कृष्णा भैना (18 साल) का अनिता भैना (21 वर्ष) से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाह रहे थे, इसके लिए इन्होंने अरपा महोत्सव के दौरान होने वाले सामूहिक विवाह के लिए पंजीयन कराने की कोशिश की, लेकिन लड़के की उम्र कम होने की वजह से पंजीयन नहीं हो पाने से शादी नहीं हो पाई.

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि दोनों लड़के-लड़की गांव में ही एक घर में बीते तीन महीने से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे. शादी नहीं होने पाने की वजह से दोनों हताश हो गए, जिस पर परिजनों ने समझाया कि उम्र हो जाने पर दोनों की शादी करा दी जाएगी, लेकिन परिजनों की बात पर भी दोनों की हताशा कम नहीं हुई.

बीती रात पहले लड़की ने घर में फांसी लगा ली. लड़के ने लड़की को ही फांसी से उतारा और परिजनों को बात बताई. लेकिन इसके बाद रात में ही उसने घर के बाहर नीलगिरी के पेड़ में फांसी का फंदा लगाकर झूल गया. प्रेमी जोड़े के इस आत्मघाती कदम ने परिजनों को तोड़कर रख दिया. पुलिस ने मिली सूचना पर मौके पर पहुंचकर पंचनामा करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!