IND vs PAK मैच के लिए फिर से हो जाएं तैयार, इस दिन होगा महामुकाबला, शेड्यूल जारी

Hockey world cup 2026 india vs pakistan: 2026 में पुरुषों और महिलाओं के लिए दो अलग-अलग एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप हो रहे हैं. दोनों ही टूर्नामेंट बेल्जियम और नीदरलैंड्स द्वारा 15 से 30 अगस्त तक संयुक्त रूप से आयोजित किए जा रहे हैं.

आज से ठीक 4 दिन बाद आईपीएल 2026 का आगाज होगा, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें हैं, लेकिन इससे पहले एक बड़ा ऐलान हुआ है. इस ऐलान के साथ ही भारत और पाकिस्तान की टीमें मैदान पर भिड़ेंगी. इस बार क्रिकेट नहीं बल्कि हॉकी के मैदान पर लड़ाई होने जा रही है. यह लड़ाई होगी हॉकी विश्व कप 2026 के तहत, जो 15 अगस्त 2026 से नीदरलैंड्स और बेल्जियम की सरजमीं पर होने जा रहा है. इस मेगा इवेंट के लिए इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है.

खास बात यह है कि भारतीय पुरुष टीम को पूल-डी में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ रखा गया है. इन दोनों टीमों के बीच 19 अगस्त को महामुकाबला खेला जाएगा. इस मैच पर पूरी दुनिया की नजर है. यह मुकाबला वैगनर हॉकी स्टेडियम में होगा.

भारत किस पूल में शामिल?

भारत की हॉकी टीम पूल-डी में है, जिसमें उसका सामना इंग्लैंड, वेल्स और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों से होगा. भारतीय टीम अपना पहला मैच 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ खेलेगी. फिर 17 अगस्त को इंग्लैंड से मैच है. तीसरा मुकाबला 19 अगस्त को पाकिस्तान से होगा.

महिला टीम का पहला मैच कब?

पुरुष टीम के अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम भी इस बार इतिहास रचने के लिए मैदान पर उतरेगी. महिला टीम को अपना पहला मैच 16 अगस्त को चीन के खिलाफ खेलना है. फिर उसे 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका, जबकि 20 अगस्त को इंग्लैंड से खेलना है.

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल

पुरुष

पूल ए- नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना, न्यूज़ीलैंड, जापान
पूल बी- बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस, मलेशिया
पूल सी- ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका
पूल डी- इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, वेल्स

महिला

पूल ए- नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया, चिली, जापान
पूल बी- अर्जेंटीना, जर्मनी, अमेरिका, स्कॉटलैंड
पूल सी- बेल्जियम, स्पेन, न्यूज़ीलैंड, आयरलैंड
पूल डी- चीन, इंग्लैंड, भारत, दक्षिण अफ्रीका

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का शेड्यूल

भारत (पुरुष)

15 अगस्त- भारत बनाम वेल्स
17 अगस्त- भारत बनाम इंग्लैंड
19 अगस्त- भारत बनाम पाकिस्तान

भारत (महिला)

16 अगस्त- चीन बनाम भारत
18 अगस्त- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
20 अगस्त- भारत बनाम इंग्लैंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!