नई दिल्ली। रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजन को 10-10 लाख रुपए अनुग्रह राशि के तौर पर देने की रविवार को घोषणा की। रेलवे ने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक भगदड़ मचने से 18 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के उपराज्यपाल और विपक्षी नेताओं ने दुख जताया है। वहीं, सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 2.5 लाख रुपए और मामूली रूप से घायल व्यक्तियों को 1 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि वह इस घटना से बहुत दुखी हैं। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि उनकी प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। इसके साथ ही रेल मंत्रालय की पूरी टीम प्रभावित लोगों की मदद में जुटी हुई है।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके कार्यालय की ओर से कहा गया, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में लोगों की मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”