राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा दशहरा और दीपावली के अवसर पर जीएसटी स्लैब में किए गए बदलावों ने आमजन को राहत की सांस दी है। महंगाई की मार से जूझ रही जनता को अब सस्ते दामों में ज़रूरी वस्तुएँ मिल रही हैं। बाज़ारों में ग्राहकों की भीड़ और ख़रीदारी की रौनक यह साबित कर रही है कि सरकार का यह कदम बेहद कारगर साबित हुआ है। भाजपा नेता मोहम्मद इरफान शेख ने कहा कि वास्तव में जीएसटी का मतलब है गजब का सस्ता टैक्स उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियाँ हमेशा जनता के हित में रही हैं और अब जीएसटी के नए प्रावधानों से त्योहार से लेकर शादी सगाई तक के सीजन में परिवारों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा। वहीं भाजपा नेता हैरी जोसेफ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स कहकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने कहा हेमा सुदेश देशमुख का यह बयान उनकी सत्ता खोने की बौखलाहट को दर्शाता है। हकीकत यह है कि जीएसटी गब्बर सिंह टैक्स नहीं बल्कि गजब सुंदर टैक्स है जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती और जनता को राहत मिल रही है।
द्वय नेता शेख व जोसेफ का कहना है कि जीएसटी के सरल और पारदर्शी स्वरूप ने छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े उद्योगों तक को राहत दी है। टैक्स चोरी की प्रवृत्ति पर अंकुश लगा है और आम उपभोक्ता को सीधे–सीधे फायदा मिल रहा है। त्योहारों में जैसे ही इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, ज्वेलरी और घरेलू सामान की ख़रीददारी बढ़ी है, वैसे ही शादी–सगाई के सीजन में भी होटल, केटरिंग, कपड़ा और आभूषण उद्योग को राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। केंद्र सरकार लगातार जनता को ईज़ ऑफ़ लिविंग देने के लिए काम कर रही है। जीएसटी दरों में कमी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। आने वाले समय में आम नागरिक के जीवन पर इसका सकारात्मक असर दिखाई देगा। मोदी सरकार ने हर वर्ग के लोगों को राहत देने के लिए जीएसटी में सुधार किए हैं। अब शादी सगाई जैसे बड़े अवसरों पर भी लोगों को कम खर्च उठाना पड़ेगा।

