SEBI प्रमुख बने IAS तुहिनकांत पांडे,अधिसूचना जारी…

नई दिल्ली/भुवनेश्वर। केंद्र सरकार ने वित्त सचिव तुहिनकांत पांडे को पूंजी बाजार नियामक, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी तुहिन कांत पांडे भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के अगले अध्यक्ष के रूप में माधबी पुरी बुच का स्थान लेंगे। वे इस पद पर तीन वर्ष तक कार्य करेंगे। यह निर्णय रोजगार संबंधी मंत्रिमंडल समिति ने लिया है।

भारत की पहली महिला सेबी प्रमुख का कार्यकाल 1 मार्च 2025 को समाप्त होगा। 1987 बैच के ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी पांडे ने ओडिशा में स्वास्थ्य, लोक प्रशासन, वाणिज्यिक कर, परिवहन और वित्त विभागों में काम किया। उन्होंने ओडिशा राज्य वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक और ओडिशा लघु उद्योग निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य किया है। वह संबलपुर के कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट भी रहे।

पांडे ने पंजाब विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर और ब्रिटेन के बर्मिंघम विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री प्राप्त की है। ओडिशा सरकार और केंद्र सरकार दोनों के लिए काम कर चुके हैं। उन्होंने योजना आयोग और कैबिनेट सचिवालय में संयुक्त सचिव और केन्द्र सरकार के वाणिज्य मंत्रालय में उप सचिव के रूप में भी कार्य किया है।

पूंजी निकासी के लिए जिम्मेदार ‘दीपम’ प्रभाग में काम करते हुए उन्होंने एयर इंडिया के निजीकरण, एलआईसी के आईपीओ और ओडिशा में नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईएनएल) से पूंजी निकासी जैसी उपलब्धियां हासिल की। उन्होंने सार्वजनिक उद्यम विभाग और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के लिए भी काम किया है। उन्होंने कुछ समय तक संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूएनआईडीओ) के क्षेत्रीय कार्यालय में भी काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!