एअर इंडिया के बाद इंडिगो की फ्लाइट्स भी कल से महंगी हो जाएंगी। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी ने शुक्रवार को सभी घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर ‘फ्यूल सरचार्ज’ लगाने की घोषणा की है। एयर इंडिया के बाद इंडिगो ने भी झटका दे दिया है। एयरलाइन ने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 425 रुपये से लेकर 2,300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज लगाने का ऐलान किया है। एक्सट्रा फ्यूल चार्ज के साथ टिकटों की नई कीमतें 14 मार्च रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी। यह फैसला मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल ( एटीएफ ) की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी के बाद लिया गया है। 14 मार्च से बुक होने वाले टिकटों पर यह लागू होगा।
एयरलाइन ने बताया कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी जंग की वजह से जेट फ्यूल की कीमतें 85% तक बढ़ गई हैं। इस कारण घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स की टिकटों पर ₹425 से ₹2300 तक सरचार्ज लगाया जाएगा।
इंडिगो ने बताया कि वह 14 मार्च से बुक होने वाले टिकटों फ्यूल सरचार्ज वसूलेगी। एयरलाइन ने कहा, ‘इंडिगो भारत की अग्रणी एयरलाइन है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर वह एक ‘फ्यूल चार्ज’ शुरू कर रही है। यह 14 मार्च, 2026 को 00:01 बजे से प्रभावी होगा। यह कदम मिडिल-ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक मुद्दों के कारण उठाया गया है। इसके चलते विमान ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। IATA का ‘जेट फ्यूल मॉनिटर’ बताता है कि इस क्षेत्र में ईंधन की कीमतों में 85% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।’
एयरलाइन ने आगे बताया कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल एयरलाइंस की ऑपरेटिंग कॉस्ट एक बड़ा हिस्सा होता है। कीमतों में हुई इस अचानक और भारी बढ़ोतरी का इंडिगो सहित सभी एयरलाइंस की लागत और नेटवर्क पर काफी असर पड़ेगा।
इंडिगो के मुताबिक, ईंधन की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी के पूरे असर की भरपाई करने के लिए वैसे तो किराए में बहुत बड़ी बढ़ोतरी की जरूरत है। लेकिन, एयरलाइन ने ग्राहकों पर पड़ने वाले बोझ को ध्यान में रखते हुए ‘फ्यूल चार्ज’ के तौर पर अपेक्षाकृत कम राशि ही बढ़ाई है।
एअर इंडिया ने 12 मार्च से घरेलू फ्लाइट टिकटों पर 399 रुपए का फ्यूल सरचार्ज लगा रही है। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट्स के किराए में करीब 15% की बढ़ोतरी की है।
पश्चिम एशिया के रूटों के लिए यह सरचार्ज 10 अमेरिकी डॉलर प्रति टिकट होगा। वहीं, अफ्रीका की उड़ानों के लिए यह शुल्क 30 अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 90 अमेरिकी डॉलर हो जाएगा। दक्षिण-पूर्व एशिया की सेवाओं के लिए यह सरचार्ज 20 अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 60 अमेरिकी डॉलर हो जाएगा।
पहले चरण में 12 मार्च से हर घरेलू टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। मंगलवार को जारी एक बयान में एयरलाइन ने बताया कि यही सरचार्ज SAARC देशों की उड़ानों पर भी लागू होगा। एयरलाइन समूह ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में भू-राजनीतिक स्थिति के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को देखते हुए यह सरचार्ज घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर अलग-अलग चरणों में लागू किया जाएगा।

