अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक वृद्धजन दिवस मनाया गया

राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक वृद्धजन दिवस के पावन बेला पर नगर में संचालित वृद्धजनों की संस्था ‘‘भगवान महावीर’’ समता वृद्धाश्रम राजनांदगांव में आज वृद्धजन दिवस व सम्मान समारोह का आयोजन लोक सभा राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य, उद्योगपति दामोदर दास मुंदड़ा की अध्यक्षता व अधिवक्ता सुरेश एच. लाल की विशेष उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलि कर किया गया। इस सुअवसर पर आयोजन में शामिल अतिथियों के द्वारा 65 वरिष्ठ नागरिकों का शाल, श्रीफल भेंटकर, तिलक लगाकर व चरण स्पर्श कर सम्मान किया गया गया, जिनमें विशेष रूप से जी.एस.शर्मा, दामोदर दास मूंदड़ा, जवरी लाल, उत्तमचंद ओस्तवाल शामिल थे। साथ ही डॉ. एन.के.मिश्रा, श्रीमती राजमती जैन, श्रीमती सुशीला बाई जैन, वेलजी भाई पटेल का भी सम्मान किया गया।
आयोजन के शुभारंभ में संस्था भगवान महावीर समता वृद्धाश्रम के संरक्षक गौतम पारख द्वारा बताया गया कि संस्था का संचालन गत 28 वर्षां से किया जा रहा है जहाँ वर्तमान में 50 वृद्ध लाभान्वित हो रहे हैं। संस्था द्वारा इसके अतिरिक्त समता चिकित्सालय, समता पेय जल, समता पुस्तकालय, गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा आदि का संचालन किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर के वरिष्ठ उद्योगपति व समाजसेवी दामोदर दास मुंदड़ा ने कहा कि इस संस्था में लाभान्वित हो रहे वृद्धजनों की सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है। यहाँ सभी प्रकार की सुविधा घर के जैसे और घरों से बेहतर सुविधा के साथ वृद्धजनों की सेवा होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसी तरह नगर के अतिरिक्ति पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे ने बताया कि मुझे इस संस्था में आने का सौभाग्य यदा-कदा प्राप्त होते रहता है। संस्था द्वारा महान कार्य किया जा रहा है। उनके द्वारा आज की पीढ़ी पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा गया कि जब इन वृद्धजनों को अपने घर में प्यार के साथ देखरेख की जरूरत पड़ती है तो कुछ लोग अपने कर्तव्य से मुख मोड़ते हुए इन्हे आश्रम तक ले आते हैं। बेटे यदि अपने माँ-बाप को इस पड़ाव में सहारा नहीं दे सकते तो बेटियों का सामने आना चाहिए। मैं एक बेटी होने, एक बहु होने के नाते कह रही हूँ कि हम सबका दायित्व है कि छोटी-मोटी बातों को ध्यान न देकर बुजुर्गां का सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्था के सचिव सुधीर जैन एवं प्रफुल्ल कंवाड़ द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन संस्था के सदस्य सुरेश गांधी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक बी.एल.ठाकुर व कलापथक दल, टी.आई. महिला थाना श्रीमती तारम, संस्था के सदस्य हरिश सांखला, अशोक श्री श्रीमाल सहित बड़ी संख्या में संस्था के वृद्धजनों के साथ-साथ शहर के वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।
उक्त जानकारी संस्था के सचिव सुधीर जैन द्वारा दिया गया।

 

error: Content is protected !!