‘आर्टिकल 370 खत्म करना सही, कश्मीर की बड़ी समस्या हल हुई’… इंडोनेशिया में बोले कांग्रेस नेता

नई दिल्ली: भारत सरकार ने पाकिस्तान को बेनकाब करने और आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति को स्पष्ट करने के लिए दुनिया के कई देशों में अपने प्रतिनिधिमंडलों को भेजा है, जो मजबूती के साथ अपनी बात को दुनिया के सामने रख रहे हैं।

ऐसा ही एक प्रतिनिधिमंडल इंडोनेशिया गया हुआ है, जिसमें कांग्रेस के नेता सलमान खुर्शीद भी शामिल हैं। जहां पर उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को लेकर बड़ा बयान दिया है और मोदी सरकार के इस फैसले की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 के हटने के बाद से राज्य समृद्धि और लोकतांत्रिक प्रगति हुई है।

बड़ी समस्या का हुआ खात्मा

इंडोनेशिया में थिंक टैंक और शिक्षाविदों को संबोधित करते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा कि कश्मीर में लंबे समय से एक बड़ी समस्या थी। इसका एक बड़ा हिस्सा संविधान के अनुच्छेद 370 में सरकार की सोच में दिखाई देता था, जिससे किसी तरह यह आभास होता था कि यह देश के बाकी हिस्सों से अलग है, लेकिन अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया गया और इसे आखिरकार समाप्त कर दिया गया।

कश्मीर में आई है समृद्धि और प्रगति

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद पॉजिटिव बदलाव को लेकर बात कही है, उन्होंने कहा कि चुनावों में 65 फीसदी मतदाताओं की भागीदारी शामिल है, जिसके कारण कश्मीर में एक निर्वाचित सरकार की स्थापना हुई। उन्होंने इन घटनाक्रमों को पलटने के किसी भी प्रयास के खिलाफ तर्क दिया। उन्होंने कहा कि आज कश्मीर में एक निर्वाचित सरकार है। लोगों के लिए जो कुछ भी हुआ है, कश्मीर में जो समृद्धि आई है, उसे पूर्ववत करना उचित नहीं होगा

इन देशों के दौरे पर है प्रतिनिधिमंडल

पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में भाजपा की अपराजिता सारंगी, बृजलाल, प्रदन बरूआ, हेमांग जोशी, टीएमसी के अभिषेक बनर्जी, सीपीआई (एम) के जॉन ब्रिट्टास और पूर्व राजदूत मोहन कुमार इंडोनेशिया समेत 5 देशों के दौरे पर है। यह प्रतिनिधिमंडल ऑपरेशन सिंदूर और क्षेत्रीय सुरक्षा गतिशीलता पर भारत की स्थिति के बारे में देशों को जानकारी दे रहा है।

error: Content is protected !!