BJP के बवाल में जगतगुरु की एंट्री, SC-ST एट्रोसिटी में कार्रवाई की मांग

रायपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को काले झंडे दिखाने से शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधानसभा थाने में भाजपा का धरना खत्म हो गया। अब इस विवाद में धार्मिक भावनाओं का एंगल भी शामिल हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर सतनामी पंथ के जगतगुरु और राज्य सरकार में PHE मंत्री रुद्र कुमार के बंगले में भी तोड़फोड़ की कोशिश का आरोप लगाया।

कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस से बात करते हुए गुरु रुद्र कुमार ने कहा, मुंगेली के कुछ लोग उनसे मिलने आए थे। उन्होंने उनको बुलाकर बात सुनी। उसके बाद वे लोग बाहर निकल गए। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफिला आ रहा था, इस वजह से वे लोग बंगले से बाहर रुक गए। तभी भाजपा के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उनपर हमला कर दिया। उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट हुई। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने भी उनके साथ मारपीट की है और गाली दिया है। गुरु रुद्र कुमार ने कहा, दोनों युवक आदिवासी और एससी समाज से थे। ऐसे में राजेश मूणत और उनके कार्यकर्ताओं के ऊपर SC-ST एट्रोसिटी की कार्रवाई भी होनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरु रुद्र कुमार के बंगले पर हमला किया। बंगले की नामपटि्टका को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई। होर्डिंग आदि तोड़ दिया। भाजपा वालों को यह भी नहीं सूझा कि यह सतनामी समाज के धर्मगुरु का घर है। शुक्ला ने कहा, ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इन लोगों की तरह हम भी सड़क पर उतर गए तो भाजपा झेल नहीं पाएगी। आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष जनक राम ध्रुव ने कहा, पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने SC-ST वर्ग के युवकों के साथ मारपीट की। गाली-गलौज किया। उसके बाद राजनीति करने की कोशिश की। उनके खिलाफ एट्रोसिटी का मामला दर्ज होना चाहिए।

काला कपड़ा पहनना गुनाह है तो बैन करा दें

PHE मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कहा, पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने बिना यह पूछे-जाने कि ये लोग कौन हैं। कहां से आए हैं, केवल काला कपड़ा पहनने की वजह से दोनों युवकों से मारपीट किया। उन्हें गाली दी। उनके यह बताने पर कि वे मंत्री से मिलने आए थे उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करना राजेश मूणत और भाजपा की अनुसूचित जाति विरोधी मानसिकता को दिखाता है। मंत्री ने सवाल उठाया कि क्या केवल दो लोग एक केंद्रीय मंत्री का विरोध करने आएंगे। अगर काला कपड़ा पहनना गुनाह है तो मोदी जी से कहकर उसे बैन करा दें।

मर्यादा तोड़ने का भी आरोप लगाया

गुरु रुद्र कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर भी मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा के बड़े नेताओं ने पीड़ित के संबंध में जानकारी लिए बिना मूणत के पक्ष में थाने में हंगामा किया, धरना दिया। भाजपा के पूर्व मंत्री ने अनुसूचित जाति-जनजाति के व्यक्ति से मारपीट की, गाली-गलौज किया। उसके बाद भी मूणत पर कार्रवाई की जगह उनको संरक्षण देना अनुचित है। यह भाजपा का अनुसूचित जाति-जनजाति विरोधी चरित्र है जो अब उजागर हो रहा है।

error: Content is protected !!