छुईखदान (दैनिक पहुना)। विकासखंड छुईखदान के वनांचल क्षेत्र में स्थित आईटीबीपी कैंप बकरकट्टा में नवरात्रि का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कैंप परिसर में स्थित मंदिर में विशेष भंडारे का आयोजन हुआ। आईटीबीपी के बकरकट्टा कैंप के सहायक सेनानी केशव महतो के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कन्या पूजन किया गया। इसके साथ ही भंडारे का भी आयोजन हुआ। बुधवार को मंदिर परिसर में महाप्रसाद का विशेष आयोजन किया गया। कन्याओं को भोज के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। नवरात्रि के दौरान कन्याओं की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दौरान कन्या पूजन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
40वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल बी समवाय द्वारा बकरकट्टा सीओबी में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। निर्धारित समय के अनुसार कार्यक्रम आगे बढ़ता रहा। कैंप परिसर माता के भजनों और जयकारों से गूंज रहा था। 9.30 बजे सीओबी के पंडित विष्णु तिवारी के द्वारा बकरकट्टा कैंप के सहायक सेनानी केशव महतो के हाथों हवन कार्य पूर्ण किया गया। हवन कार्य के उपरान्त माता की आरती उतारी गई। जिसके बाद सहायक सेनानी के द्वारा विधि विधान के साथ 9 कन्याओं को माता के नवरूपों का प्रतीक मान व एक बालक को भैरो का प्रतीक मान कर उनके चरण धुलाई के उपरांत भोजन का आरंभ किया गया।

