बिलासपुर। शहर में गुरुवार को आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। कोल व्यापारी प्रवीण झा के फील ग्रुप के कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर के कारोबारियों में इसकी चर्चा चल रही है।
आयकर विभाग की बड़ी टीम सुबह अचानक शहर पहुंची और फील ग्रुप से जुड़े ऑफिस, आवास और फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। टीम की गाड़ियां एसआइआर सर्वे टीम के स्टीकर के साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि विभाग की अलग-अलग टीमें एक साथ कई ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकार्ड की जांच कर रही हैं।
घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा है। वहां दस्तावेजों की पड़ताल के साथ कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलें और अन्य रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है और सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे से टीम के अधिकारी अंदर दस्तावेजों का मिलान कर रहे हैं। हालांकि अब तक विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
शहर के प्रमुख कोयला व्यापारी हैं प्रवीण झा
फील ग्रुप के मालिक प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोल व्यापारियों में गिने जाते हैं। ऐसे में आयकर विभाग की इस कार्रवाई को लेकर कारोबारियों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आयकर विभाग की टीम संबंधित दस्तावेजों और लेन-देन की गहन जांच में जुटी हुई है।

