संस्कारधानी में मनोरम झांकियां देखने उमड़ा जन सैलाब;पुलिस की रही तगड़ी व्यवस्था

 

मौसम भी रहा मेहरबान, शांति सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मना 10 दिनी गणेशोत्सव

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। अपनी गौरवशाली विशिष्ट गणेशोत्सव परंपरा के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध इस संस्कारधानी में बीती रात करीब 25 विसर्जन झांकियां निकलीं। हर एक झांकी जीवंत होने के साथ – साथ श्रद्धालुओं के मानसपटल पर अमिट छाप छोड़ने वाली थी। शुक्रवार अनंत चौदस पर हवन पूर्णाहुति होने के बाद बाजे गाजों के साथ कई छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ जो आज शनिवार को भी जारी है।

यहां जिला पुलिस अधीक्षक प्रफल्ल ठाकुर के निर्देशन व नगर पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में एक हजार पुलिस जवानों की मुस्तैद ड्यूटी के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित नही होने के समाचार हैं। पुलिस का सहायता पंडाल इस बार बसंतपुर थाना के अलावा भारत माता चौक में भी लगा रहा। नगर निगम का पंडाल रामाधीन मार्ग में लगा था जहां महापौर सहित पार्षदों ने लोगों का अभिवादन किया। कोरोनाकाल के दो साल में गणेशोत्सव पर कोई विसर्जन झांकियां नहीं निकली थीं, लेकिन इस साल लोगों के मन और उनकी आत्मा मनोहारी झांकियां देखकर तृप्त हो गईं। दर्शनार्थियों का रेला चारांे तरफ से रहा। मौसम भी इस बार मेहरबान रहा जिसके चलते भीड़ अधिक से अधिक जुटी।

error: Content is protected !!