माटी पूजन दिवसः कलेक्टर ने की कई गांवों में पूजा

राजनांदगांव। आज अक्षय तृतीया पर जिले में भी माटी पूजन दिवस मनाया गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने वृंदावन गौठान अंजोरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव, कामधेनु गौठान बघेरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र सुकुलदैहान में माटी की पूजा अर्चना की। सिन्हा ने ग्रामवासियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि कि हम हमारी मिट्टी जिसे हम माता, भुईयां कहते हैं, की रक्षा करेंगे।
उन्होंने वृंदावन गौठान अंजोरा में महिला स्वसहायता समूह द्वारा पूजा के लिए बनाए जा रहे गुरूगोपीचंदन टिकिया तथा गोपी चंदन टिकिया का अवलोकन किया। वहां महिलाओं द्वारा चंदन के पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा है। वहीं कुमकुम तथा अगरबत्ती का निर्माण कार्य का भी उन्होंने जायजा लिया। कलेक्टर ने वंृदावन रसोई में माटी के थर्मस से ठंडा पानी पिया। कलेक्टर सिन्हा एवं जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने वंृदावन रसोई में बने स्वादिष्ट व्यंजन गुलगुला भजिया, बड़ा, भजिया, बिजौरी एवं चाय का स्वाद लिया। कलेक्टर ने कहा वृंदावन गौठान प्रदेश का सबसे बड़ा गौठान है। समूह की महिलाओं को यहां रोजगार मिला है, जिससे उनमें खुशी है।
उन्होंने एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव तथा वहां निर्माणाधीन गौठान का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना अंतर्गत 5 एकड़ में 3 करोड़ 76 लाख रूपए की लागत से निर्मित एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव में समूह की महिलाओं के लिए मसाला निर्माण,पैकेजिंग, दाल प्रोसेसिंग यूनिट, प्लाईएश ब्रिक्स, पेवर ब्लाक, फेंसिंग तार निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएगी। उन्होंने वहां हरियाली के लिए नींबू और मुनगा के पौधे लगाने के लिए कहा। गौठान में पौधरोपण एवं लेवेलिंग करने तथा जाली से घेरने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिन्हा कामधेनु गौठान बघेरा में माटी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। वहां उन्होंने टसर सिल्क का निर्माण करने के लिए मशीन का अवलोकन किया। समूह की महिलाएं रेशम का धागा निकालने का कार्य कर रही हैं।
सिन्हा एकीकृत सुविधा केन्द्र सुकुलदैहान में माटी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत 3 करोड़ 76 लाख 70 हजार रूपए की लागत से सुकुलदैहान में मल्टीयुटिलिटि सेंटर का निर्माण किया गया है।

error: Content is protected !!