संस्कारधानी में नवकार महामंत्र की गूंज, विश्व शांति और अहिंसा का दिया संदेश

राजनांदगांव। 9 अप्रैल  को सम्पूर्ण विश्व ने एक अनुपम आध्यात्मिक क्षण का साक्षात्कार किया। विश्व नवकार महामंत्र दिवस, जो बना विश्व शांति हेतु जीतो की अनूठी पहल का प्रतीक। यह ऐतिहासिक आयोजन न केवल भारत में बल्कि विश्व के 108 देशों में एक साथ संपन्न हुआ, जहाँ 6000 से अधिक स्थलों पर 1,08,00,000 से अधिक लोगों ने नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप कर, सकारात्मक ऊर्जा की अद्भुत तरंगें सम्पूर्ण ब्रह्मांड में प्रवाहित कीं। इस वैश्विक शांति अभियान का भव्य शुभारम्भ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने इस दिव्य आयोजन को और अधिक सार्थक बनाने हेतु देशवासियों से इन संकल्पो जिसमें जल बचाओ, एक पेड़ माँ के नाम, स्वच्छ भारत, वोकल फॉर लोकल, देश दर्शन करें, प्राकृतिक भोजन अपनाएं, स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, योग व खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं व वंचितों की सहायता करें (साधर्मी सेवा) लेने का आग्रह किया।

राजनांदगाँव भी इस वैश्विक शांति यात्रा का गौरवमयी हिस्सा बना। सकल जैन संघ और भगवान महावीर जन्म कल्याणक सेवा समिति के नेतृत्व में जैन बगीचा, सदर बाजार में जीतो द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रातःकाल से ही आध्यात्मिक ऊर्जा का विशिष्ट संचार अनुभव किया गया। 3000 से अधिक प्रतिभागियों ने  जो विभिन्न धर्मों, समुदायों एवं वर्गों से थे  नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप में सहभागिता कर, एकता और सौहार्द का संदेश दिया।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत सांसद संतोष पांडे जी, महापौर मधुसूदन यादव जी, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह जी, पूर्व केबिनेट मंत्री खूबचंद पारख, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, सकल जैन संघ अध्यक्ष मनोज बैद, महावीर जन्म कल्याणक समिति संयोजक अजय सिंघी जी, जीतो के चीफ पेट्रोन विनय बैद, पेट्रोन राजेश बैद, ललित भंसाली, जेबीएन से दीपांशु डाकलिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात् कलेक्टर संजय अग्रवाल, के सी जी कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुरुचि सिंह, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, डीएफओ आयुष जैन, कमिश्नर अतुल विश्वकर्मा, एडीएम खेमलाल वर्मा, एसपी राहुल देव शर्मा, जेबीएन से  प्रतीक लुनिया ने धूप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को गति प्रदान की।

गुरु भगवंतों द्वारा नवकार महामंत्र की महिमा का मार्मिक वर्णन करते हुए बताया गया कि यह मंत्र आत्मशुद्धि, करुणा और सम्यक दृष्टि का प्रतीक है। उनके दिव्य वचनों से समूचा वातावरण भक्ति, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम को सफल बनाने में किशोर चंद जी, विनय जी बैद परिवार, महावीर ग्रुप, गुरुदेव राइस मिल, महावीर ज्वेलर्स (ऋषभ गोलछा), कोचर ज्वेलर्स, जीतो के सभी पेट्रोन सदस्यों, जेबीएन के समस्त सदस्य तथा जीतो लेडिज विंग का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने तन-मन-धन से योगदान कर इस आयोजन को भव्यता प्रदान की।

यह आयोजन न केवल राजनांदगाँव बल्कि समूचे समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरा—जहाँ धर्म, विज्ञान, और विश्व मानवता एक साथ आगे बढ़े। जीतोकी इस अनूठी पहल ने सिद्ध कर दिया कि जब उद्देश्य विश्व कल्याण का हो और मार्ग आध्यात्मिकता से जुड़ा हो, तब एक मंत्र सम्पूर्ण विश्व को एक सूत्र में बाँध सकता है। विश्व नवकार महामंत्र दिवस एक ऐसा क्षण, जब जीतो ने नवकार के माध्यम से विश्व को शांति, सेवा और सद्भाव का अमूल्य संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!