नई दिल्ली। लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत-अमेरिकी ट्रेड को लेकर सरकार पर हमला किया और कहा कि यह डील होल सोल सरेंडर है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यह डील बराबरी की शर्त पर नहीं की गई।
राहुल गांधी ने संसद में दावा किया कि भारत-अमेरिका की डील में किसानों के हितों की रक्षा नहीं की गई, उन्हें कुचल दिया गया। ऐसा पहले किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया और आगे भी नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “सरकार को शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया।” इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया।
क्या कहा किरेन रिजिजू ने?
उन्होंने कहा, “कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो देश को बेच या खरीद सके। पीएम मोदी अब तक के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री हैं।” रिजिजू ने गांधी को टोकते हुए कहा, “हम राहुल गांधी को परेशान नहीं कर रहे हैं जब आप बिना किसी सबूत के आरोप और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, जो मंजूर नहीं है।”
‘अपनी बातों को साबित भी करना होगा’
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, “आपने जो भी आरोप लगाए हैं, चेयर के फैसले के बावजूद। आप विपक्ष के नेता हैं। जब आप कुछ बातों के बारे में बोलते हैं, तो उनके गंभीर मतलब होते हैं। मैं विपक्ष के नेता से आग्रह करूंगा कि वे अपनी सभी बातों को साबित करें।”
राहुल गांधी का भाषण खत्म होने के बाद, रिजिजू ने कहा कि कोई भी भारत को बेच नहीं सकता और कांग्रेस पार्टी पर देश को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे मजबूत पीएम हैं और कहा, “कांग्रेस दुखी है क्योंकि भारत आगे बढ़ रहा है।”

