Operation Sindhu: ईरान से 290 और नागरिक भारत पहुंचे, अब तक 1,117 भारतीय स्वदेश लौटे…

Operation Sindhu: ईरान-इजराइल (Iran-Israel War) के बीच भयंकर युद्ध चल रहा है। भारत ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से भारतीयों का रेस्क्यू अभियान चला रहा है। अब तक कुल 1,117 भारतीयों को ईरान से निकाला गया है। शनिवार देर रात मशहद से एक और प्लेन 290 नागरिकों को लेकर नई दिल्ली पहुंचा।

ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से सुरक्षित भारत वापस पहुंचते ही भारतीयों का दर्द छलक गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से उतरते ही लोगों ने वंदे मातरम के नारे लगाए। एक भारतीय नागरिक ने कहा, ‘मुझे बहुत अच्छा लग रहा है, खुशी महसूस हो रही है. हम मौत के मुंह से बाहर निकले हैं। मिसाइलें चल रहीं थीं, हम डर के मारे थर-थर कांप रहे थे। हमें बाहर निकलने से रोक दिया गया था। हम जियारत करने गए थे। एक हफ्ते तक हम फंसे रहे।

मोदी सरकार ने लोगों का साथ दिया

ईरान से निकाली गई भारतीय नागरिक परवीन कहती हैं, ‘हम वापस आ गए हैं। तहे दिल से प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद। मैं बहुत खुश हूं। वहां की सरकार ने भी हम लोगों का साथ दिया। यहां वापस लाने में हमारी सरकार ने मदद की। एक और भारतीय नागरिक इंदिरा कुमारी ने भारत सरकार का शुक्रिया अदा किया और कहा कि हम वापस आ गए, प्रधानमंत्री का भी धन्यवाद।

प्रयागराज की अलमास बोलीं- हमें बहुत अच्छे होटल में रखा गया

ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से दिल्ली पहुंची प्रयागराज की रहने वालीं अलमास रिजवी ने कहा- हमें अच्छे होटल में रहने की जगह दी गई। समय पर लंच, डिनर, सब कुछ दिया गया। अपने देश में वापस आकर अच्छा लग रहा है। भारतीय दूतावास ने हमारी बहुत मदद की। भारत सरकार ने हमारी अच्छी देखभाल की। हमें यह एहसास भी नहीं होने दिया कि हम युद्ध जैसी स्थिति में रह रहे हैं।

बता दें कि इससे पहले शनिवार को ही शाम 4.30 बजे 310 नागरिकों को जत्था राजधानी पहुंचा था।वहीं 20 जून को रात 2 बैच में 407 भारतीय लौटे थे। रात 10:30 बजे की फ्लाइट में 190 कश्मीरी छात्रों समेत 290 लोगों की वापसी हुई थी। इनमें दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल से भी लोग थे। देर रात 3 बजे की फ्लाइट में 117 लोग थे।

ईरान ने एयरस्पेस खोला, 1000 भारतीयों को निकाला

ईरान ने एयरस्पेस पर लगी पाबंदी को हटाकर भारत के करीब 1000 नागरिकों को निकालने की इजाजत दी थी। इनमें से ज्यादातर छात्र हैं, जिन्हें ईरान की राजधानी से तेहरान से माशहद लाया गया था। अब इन्हें तीन चार्टर फ्लाइट्स के जरिए भारत लाया गया। ये फ्लाइट्स ईरानी एयरलाइन माहान ने चलाईं। भारत सरकार की ओर से ऑपरेशन सिंधु के तहत इनकी व्यवस्था की गई। ईरानी दूतावास में मिशन के उप प्रमुख मोहम्मद जवाद हुसैनी ने बताया कि जरूरत पड़ी तो आने वाले दिनों में और फ्लाइट्स चलाई जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!