अन्नदाताओं के सम्मान से प्रारंभ होगी कल से धान खरीदी : नवाज खान

 

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। धान का कटोरा के नाम से चर्चित छत्तीसगढ़ राज्य में कल 1 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होने जा रहा है, इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जहां एक ओर टोकन के लिए किसानों को परेशानी ना हो इस आशय से ऑनलाइन एप टोकन तुंहर हाथ प्रारंभ किए हैं, वहीं दूसरी ओर जिले के अन्नदाता किसान अपने धान को खरीदी केंद्र में बेचने लाएंगे तो उनका सम्मान जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी, पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि द्वारा स्वागत किए जाने का प्रस्ताव जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ने जिले भर के कांग्रेस पदाधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की आवश्यक बैठक लेकर उनसे रायशुमारी कर रखा, जिस पर सभी ने सर्वसम्मति से इस नेक प्रस्ताव पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए 1 नवंबर को अन्नदाता किसानों के स्वागत सम्मान करने का निर्णय लिया है।

आयोजित बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री खान ने बताया कि छत्तीसगढ़ पूरे देश में पहला ऐसा राज्य है, जहां किसानों की योजनाएं  धरातल लागू है और केंद्र सरकार के तमाम अडंगो के बाद भी किसानों को उनके फसल का वाजिब हक देने का दृढ़ निश्चय संकल्प प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर रहे है जिसमें हमारी भी सहभागिता सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों की पीड़ा, परेशानियों को भलीभांति पहचानते हैं और इसीलिए वे समय से पहले ही उनके हितों का निर्णय लेते हैं, जैसे दीपावली त्यौहार को देखते हुए किसान न्याय योजना की राशि जो 1 नवंबर को प्रदान की जानी थी वह 17 अक्टूबर को किसानों के खातों में राशि जमा करा दी गई और हम सब लोगों ने किसान सेवा सप्ताह के माध्यम से अन्नदाताओं की सेवा की वह पूरे छत्तीसगढ़ में एक रोल मॉडल के रूप में चर्चित हुआ जिसके लिए आप सभी जिले के कांग्रेस पदाधिकारी निर्वाचित जनप्रतिनिधि बधाई के पात्र हैं  और अब जब किसान अपनी फसल को लेकर धान खरीदी केंद्र में पहुंचेंगे तो हम अन्नदाता किसान के प्रति श्रद्धा भाव रखते हुए उनका सम्मान कर धान खरीदी का कार्य प्रारंभ करेंगे। इसके लिए धान खरीदी केंद्रवार कांग्रेस के कर्मठ, जुझारू पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी जाकर पूरे धान खरीदी केंद्रों में मजबूती से खड़े होकर इस कार्य को अंजाम देंगे। साथ ही साथ जब तक खरीदी का कार्य चलता रहेगा और किसान साथी खरीदी केंद्र में आएंगे निरंतर उनका हम आदर भाव से सम्मान करेंगे। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद जहां कृषि के प्रति रुझान व धान का उत्पादन बढ़ा है, जो छग सरकार की कृषि व कृषक की सुरक्षा का सुखद संदेश है।

बैठक में उपस्थित मंडी अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों, जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, जिला ब्लॉक पदाधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान को किसान सेवा सप्ताह की सकारात्मक सोच के साथ उसे सफल करने सतत मार्गदर्शन के लिए बधाई एवं आभार व्यक्त किए। साथ ही धान खरीदी केंद्रों में किसानों के सम्मान के लिए जो सोच और कार्ययोजना बनाई जा रही है उसे भी पूर्ण करने का संकल्प दोहराया है।

error: Content is protected !!