धान खरीदी : कलेक्टर कर रहे लगातार निरीक्षण

दे रहे व्यवस्था बनाने निर्देश

राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी का कार्य तेजी पर है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में जिले के 148 धान उपार्जन केन्द्र में तत्परता एवं सक्रियता के साथ धान खरीदी की जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर धान खरीदी केन्द्रों से धान के उठाव का कार्य भी जारी कर दिया है। धान के उठाव के लिए डीओ कटना चालू हो गया है और महावीर राईस मिलर्स द्वारा आज गंडई समिति से धान के उठाव का कार्य शुरू किया गया है। शीघ्र ही सभी धान उपार्जन केन्द्रों से क्रमिक रूप से धान उठाव का कार्य किया जाएगा। कलेक्टर सिन्हा लगातार धान खरीदी केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं तथा किसानों से धान खरीदी के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। जिले में अब तक 3 लाख 80 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।
कलेक्टर ने लघु एवं सीमांत किसानों का धान पहले खरीदने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आद्र्रतामापी यंत्र से धान की गुणवत्ता जांच करने के लिए कहा है। गौरतलब है कि खरीफ धान फसल का भुगतान किसानों के बैंक खाते में डिजिटल मोड से किया जाएगा एवं बारदाने की राशि भी भुगतान 25 रूपए प्रति बारदाना की दर से किया जाएगा। मौसम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को धान की सुरक्षा की आवश्यक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पॉलिथिन कव्हर व नालियों की व्यवस्था करने के लिए कहा है। उन्होंने जिले के नये धान खरीदी केन्द्रों डुमरडीहकला, जोरातराई, घुघवा, कुहीकला, झाड़ीखैरी, आड़ेझर, परसाटोला, रेंगाकठेरा, ठंडार एवं ठाकुरटोला में आवश्यक बारदाने, कांट-बांटा, कम्प्यूटर, प्रिंटर, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर एवं इंटरनेट कनेक्टीविटी के लिए कहा है।

error: Content is protected !!