RPF ने बीमार यात्री को अस्पताल पहुंचाया
राजनांदगांव। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत एक बीमार यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाने में मदद की। यह घटना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में हुई, जहां RPF ने अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष और स्टेशन मास्टर राजनांदगांव से सूचना प्राप्त हुई थी कि गाड़ी संख्या 18029 डाउन एक्सप्रेस के कोच S-03 (बर्थ नंबर 11) में यात्रा कर रहे 22 वर्षीय यात्री उज्ज्वल कुभंकर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है।
उज्ज्वल पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के निवासी हैं। मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देशन और पोस्ट प्रभारी तरुणा साहू के नेतृत्व में RPF की टीम ने तुरंत कार्रवाई की। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पहुंचते ही ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक मीनू कुमार और प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रायकवाड़ ने अन्य रेलकर्मियों की मदद से बीमार यात्री को ट्रेन से नीचे उतारा। एम्बुलेंस आने में हो रही देरी को देखते हुए, RPF ने ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत त्वरित निर्णय लिया और डायल 112 की मदद से वाहन की व्यवस्था की। इसके बाद, यात्री उज्ज्वल कुभंकर को उनके साथी के साथ शासकीय अस्पताल पेंड्री में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

