रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया पॉक्सो एक्ट का आरोपी, 10 हजार का इनाम था घोषित

पखांजूर. रायपुर रेलवे स्टेशन के पास आरपीएफ की मदद से सोमवार को दो नाबालिग से रेप का फरार आरोपी दबोच गया. आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था. लगभग 40 दिन से फरार चल रहे आरोपी की तलाश के लिए अंतरराज्यीय स्तर पर पुलिस टीमें तलाश कर रही थी. पूरा मामला कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना इलाके का है.

जानकारी के मुताबिक, थाना अंतागढ़ क्षेत्र में एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ गुलशन निषाद (30 साल) पिता युवराज निषाद निवासी संजयनगर अंतागढ़ ने अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर लगातार जबरदस्ती शारीरिक शोषण किया. इस पर थाना अंतागढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.

अंतर्राजीय स्तर पर जारी थी तलाश

पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया गया. टीमों को रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर सहित अन्य राज्यों के तिरूमाला और हैदराबाद जैसे संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी. आरोपी पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपना मोबाइल और लोकेशन बदल रहा था.

रायपुर रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तारी

18 जनवरी को पुलिस के पास सूचना आई कि आरोपी रायपुर में किसी व्यक्ति से मिलने आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से लगातार रेकी की. शाम करीब 7 बजे आरपीएफ रायपुर के समन्वय से रायपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी गुलशन निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद आरोपी को अंतागढ़ लाया गया. पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 19 जनवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

अंतागढ़ SDOP शुभम तिवारी ने बताया कि थाना अंतागढ़ के पॉक्सो एक्ट के आरोपी गुलशन निषाद को पकड़ने में सफलता मिली है. आरोपी के खिलाफ थाने में दो अलग-अलग नाबालिग से अनाचार के मामले दर्ज है. आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमें वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में काम कर रही थी. अन्य टीमें भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तलाश कर रही थी. दीगर राज्यों में आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें जुटी थी. पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी को पकड़ने के लिए इनाम की भी घोषणा की गई थी. कल सूचना मिली थी कि वह रायपुर में अपने किसी परिचित से मिलने वाला है. जिसके बाद रायपुर आरपीएफ के सहयोग से आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली, जिसे अंतागढ़ लाया. आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज गया है.

error: Content is protected !!